आजम खान को जान से मारने की धमकी, सीएम योगी को चिट्ठी लिख बोले-मुझे बचाओ
लखनऊ। मुस्लिम कारसेवक मंच के अध्यक्ष आजम खान ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। खान ने इसको लेकर सीएम योगी और उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को भी चिट्ठी लिखी है। आजम का कहना है कि राम मंदिर आंदोलन में शामिल होने और अयोध्या में मंदिर बनाए जाने की वकालत करने की वजह से कुछ समूह उनके दुश्मन बने हुए हैं, जो उनकी जान ले सकते हैं। खान ने कहा कि उन्हें लगातार जान से मार डालने की धमकियां मिल रही हैं।

आजम खान पहुंचे थाने
अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए आजम खान ने लखनऊ के गुडम्बा थाने में मामला दर्ज कराया है। आजम खान का कहना है कि उन्होंने लखनऊ डीएम, एसएसपी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक के साथ-साथ प्रधानमंत्री को भी खत लिखा है। आजम का कहना है कि इसके बाद भी धमकी देने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती और उन्हें सुरक्षा नहीं मिलती तो फिर उनक साथ किसी अनहोनी का जिम्मेदार जिला प्रशासन और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
गुडम्बा थाने के एसओ ने कहा कि मामले मे शिकायत मिली है और पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मामले मे पुलिस के उदासीन रहने की बात को पूरी तरह से गलत कहा है।

राम मंदिर बनाने की मांग कर चर्चा में आए थे आजम खान
बीते साल यूपी में भाजपा सरकार के आने के बाद आजम खान ने लखनऊ में राम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर पोस्टर लगवाए थे, जिसके बाद वो चर्चा में आए थे। बीते साल मार्च-अप्रैल में मुस्लिम कारसेवक मंच के अध्यक्ष आजम खान ने लखनऊ में तकरीबन 10 जगहों पर बैनर लगवाए थे जिसमें उन्होंने मंदिर निर्माण की बात कही गई थी। तब भी आजम खान ने कहा था ति जिस तरह से उन्होंने लखनऊ में मंदिर के समर्थन में पोस्टर लगाए हैं उसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications