शादी में गया था पूरा परिवार, इधर घर में हुई हत्या और लाखों की लूट
मैनपुरी। यूपी के मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी में बेखौफ बदमाशों ने गुरुवार रात को बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे एक शख्स की हत्या कर दी और लाखों रुपए का सामान लूटकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने सुबह इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

पंजाबी कॉलोनी निवासी उमेश तोमर के परिवार में शादी थी जिसमें वो पूरे परिवार सहित मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के कस्बा कुशमरा अपनी बहन की शादी में गए हुए थे। उमेश तोमर ने बताया कि एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम किन्दरपुर के रहने वाले रघुवीर सिंह यादव को घर की रखवाली के लिए छोड़ गए थे। शुक्रवार सुबह जब नौकरानी काम करने आई तो घर का मेन गेट खुला हुआ था। सामने ही रघुवीर सिंह का जमीन पर शव पड़ा हुआ था। नौकरानी ने फोन कर इसकी सूचना उमेश तोमर को दी।
घर में लूट के बाद हत्या की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी के साथ निरीक्षण किया। मकान मालिक उमेश तोमर के मुताबिक घर में सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। लुटेरे लगभग चार-पांच लाख रुपए का सामान लूटकर ले गए हैं। पुलिस टीम घटना की जांच में जुट गई।












Click it and Unblock the Notifications