मुख्तार को मनोज सिन्हा का खौफ, कहा 'मेरा मर्डर करा सकते हैं'
बाहुबली मुख्तार अंसारी ने मनोज सिन्हा को अपना दुश्मन बताते हुए कहा कि डॉन ब्रजेश के साथ मिलकर वे उनकी हत्या करा सकते हैं।
लखनऊ। बुधवार को मऊ के बसपा विधायक बाहुबली मुख्तार अंसारी ने केंद्रीय रेल राज्यमंत्री और गाजीपुर के सांसद मनोज सिन्हा पर हत्या कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी बुधवार को शपथ लेने विधानसभा पहुंचे तो वहां उन्होंने मीडिया से कहा कि मनोज सिन्हा, डॉन ब्रजेश सिंह के साथ मिलकर उनके मर्डर का प्लान कर रहे हैं।
मुख्तार अंसारी से पत्रकारों ने लखनऊ से आगरा जेल शिफ्ट करने के सरकारी फैसले पर सवाल किया तो उसके जवाब में उन्होंने मनोज सिन्हा पर यह आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा कि मनोज सिन्हा, ब्रजेश सिंह मेरे दुश्मन हैं। साजिश के तहत सरकार उनको आगरा जेल में शिफ्ट कर रही है ताकि रास्ते में हत्या कराई जा सके।

इसके साथ ही मुख्तार अंसारी ने योगी आदित्यनाथ सरकार से पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को लिखेंगे।
पूर्वांचल के कुख्यात डॉन मुख्तार अंसारी हत्या जैसे आपराधिक मामलों में जेल में बंद हैं। इस बार के यूपी चुनाव में उन्होंने बसपा के टिकट पर मऊ सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications