मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम अब पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम आखिरकार बदल दिया गया है। अब मुगलसराय जंक्शन पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के नाम से जाना जाएगा। इस बाबत यूपी सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। खुद रेलमंत्री पीयूष गोयल ने इस बाबत जानकारी देते हुए ट्वीट करके लिखा है कि नागरिकों की मांग को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुगलसराय जंक्शन के नाम को बदलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन किया गया है।

पीयूष गोयल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि अंत्योदय जैसा महान विचार देने वाले पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी के नाम से अब यह जंक्शन जाना जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जो नोटिफिकेशन जारी किया गया है उसमे कहा गया है कि जनपद चंदौली में स्थित मुगलसराय जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन किया जाता है। यह परिवर्तन भारत सरकार के गृह मंत्रालय की अनापत्ति के बाद किया गया है।
आपको बता दें कि मुगलसराय जंक्शन के नाम को बदलने की कवायद पिछले वर्ष ही शुरू हो गई थी। योगी सरकार की कैबिनेट ने इसके नाम को बदलने का पिछले वर्ष ही फैसला ले लिया था। हालांकि कुछ लोगों ने इसपर आपत्ति जताई थी और इसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर करने की मांग की थी। लेकिन आखिरकार इन तमाम आपत्तियों के बाद इस स्टेशन का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें- PM मोदी पर राहुल का तंज , कहा- स्क्रिप्टेड होते हैं पीएम मोदी के इंटरव्यू












Click it and Unblock the Notifications