MP, Rajsthan में कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद यूपी सरकार अलर्ट, जानें अपडेट
MP Rajsthan Cough Syrup Alert In UP: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में 11 और राजस्थान में तीन बच्चों की कफ सिरप पीने से मौत का मामला इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी अलर्ट मोड में आ चुकी है। कफ सिरप की जांच शुरू हो गई है। जगह - जगह छापेमारी की जा रही है। आइए जानते हैं प्रदेश की राजधानी लखनऊ में औषधि विभाग की टीम ने क्या कुछ किया?
दुकानों पर छापेमारी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उस कफ सिरप को पूरी तरह बैन कर दिया है जिससे मध्य प्रदेश और राजस्थान में बच्चों की मौत हुई है। इसके साथ ही सरकार ने प्रत्येक जिले में औषधि विभाग की टीम को कफ सिरप की जांच का आदेश भी दिया है। इसी आदेश के पालन के क्रम में औषधि विभाग की टीम ने लखनऊ में कई मेडिकल स्टोर्स पर जांच की। टीम ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल के बाहर और अंदर स्थित सभी दुकानों पर छापेमारी की और कफ सिरप की जांच की। इस दौरान टीम को किसी भी मेडिकल शॉप पर प्रतिबंधित कप सिरप नहीं मिला।

सख्त कार्रवाई की जाएगी
औषधि विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि श्रीसन फार्मा के कफ सिरप उत्तर प्रदेश में पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। जिस मेडिकल शॉप पर ये दवाएं मिलेंगी उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अन्य कफ सिरप की जांच की जा रही है। इसी क्रम में आज लखनऊ में कई जगहों पर छापेमारी की गई है। फिलहाल कहीं भी प्रतिबंधित कफ सिरप नहीं मिला है।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप कोल्ड्रिफ पीने से 14 बच्चों की मौत का मामला सामने आया। इसके बाद केंद्र और राज्यों की सरकार इसे लेकर अलर्ट हो गई। सिरप बनाने वाली कंपनी के अन्य उत्पादों पर भी पाबंदी लगाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications