गाजीपुर में जमकर गरजे एमपी सीएम मोहन यादव, सपा प्रत्याशी को यूं लिया आड़े हाथों
Lok Sabha Election 2024: पारसनाथ राय के समर्थन में गाजीपुर पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। सीएम यादव ने सपा प्रत्याशी पर तंज कसते हुए कहा कि अब ऊंट आया है पहाड़ के नीचे और अब बचकर कहा जायेगा।
गाजीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने बीजेपी प्रत्याशी पारसनाथ राय के पक्ष में वोटर्स को साधने की कोशिश की। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां यदुवंशियों की हत्या हुई, लेकिन बड़ी पार्टियों के लोग वहां तक नहीं गए।

लेकिन, जिन लोगों ने ये किया उनकी कब्र पर फूल चढ़ाने चले गए। उनके यहां आप जाओ या न जाओ ये आपकी मर्जी है, लेकिन जो निरपराध मारे गए उनकी क्या गलती है। अब सभी गुंडागर्दी करने वाले बम फोड़ने वाले और आतंक का पर्याय ठिकाने लग गए हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस को भी सीएम यादव ने मंच से घेरने की कोशिश की।
सीएम यादव ने कहा कि कई कांग्रेस नेता मुझसे शिकायत करते हैं कि आप धर्म की बात क्यों करते हैं। धर्म नहीं तो क्या अधर्म की बात करनी चाहिए। कहा कि हमने भगवान कृष्ण का जीवन देखा है। उन्होंने बांसुरी तभी तक बजाई जब तक इसकी जरूरत थी, लेकिन जैसे ही कंस जैसे लोग उनके सामने आए उन्होंने सुदर्शन चक्र उठा लिया और इनका काम तमाम किया।
बांसुरी तभी तक बजेगी जब तक कंस जैसे लोग नहीं आएंगे। राम और कृष्ण एक ही हैं, लेकिन दोनों में अंतर ये है कि एक ने मर्यादा की स्थापना की तो दूसरे ने ऐसे लोगों को सीधा कर दिया। यदुवंशियो ने जब-जब आतंक बढ़ा और लोग गलत रास्ते पर गए उनको सही रास्ते पर लाने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications