संभल में सपा-कांग्रेस को एमपी सीएम मोहन यादव ने लिया आड़े हाथों, कहा- ये वोट के लिए करते है झूठी बातें
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार 3 मार्च को उत्तर प्रदेश के संभल पहुंचे। यहां उन्होंने (एमपी सीएम मोहन यादव) यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ असमोली में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम यादव ने बोलते हुए कहा, 'सबका साथ सबका विकास' ये खाली बोलने के लिए नहीं, इसको हम करके दिखाते हैं।
असमोली में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बोलते तो सब रहते हैं लेकिन उनके घर के अलावा किसी और को वो मौका नहीं देते। सत्ता का कोई भी पद हो सपा और कांग्रेस उसे केवल घर में ही समेट कर रखना चाहते हैं।

इस दौरान सीएम यादव ने जनता से पूछा कि सच्चे अर्थों में यही सब का साथ सबका विकास हुआ क्या..? ये वोट के लिए केवल झूठी बातें करेंगे। लेकिन, वोट के बाद केवल एक परिवार का भरोसा करेंगे। जनसभा के दौरान सीएम यादव ने कहा कि मुझे गर्व है कि बीजेपी किसी भी कार्यकर्ता को सत्ता के किसी भी पद तक पहुंचाने का काम करती है।
सीएम यादव ने मंच से बोलते हुए कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि आपने पहला वोट नरेंद्र मोदी जी को दिया है। मोदी जी के माध्यम से देश के अंदर होने वाली सभी आतंकवादी घटनाओं पर लगाम लगी। पहले पाकिस्तान सीमाओं पर हमारे सैनिकों के सर काट कर ले जाते थे। कांग्रेस के लोग कहते थे हम क्या करें इसमें तो पाकिस्तान का हाथ है।
लेकिन, अब पाकिस्तान को पता है कि भारत में कांग्रेस का नहीं बल्कि मोदी जी का शासन है। इस दौरान सीएम यादव ने जनसभा के दौरान उत्तर प्रदेश में माफिया राज पर लगाम लगाने को लेकर सीएम योगी की जमकर तारीफ की। कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है जब से योगी जी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं यहां अच्छे अच्छों को ठिकाने लगाने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications