यूपी: ट्रक चालक के लिए भीड़ बनी मसीहा, गाड़ी का शीशा तोड़ बचाई ड्राइवर की जान
हापुड़। देश में बीते दिनों भीड़तंत्र के बारे में मॉब लिंचिंग को लेकर तमाम खबरें देखने और सुनने को मिलीं। इसके उलट इस बार यूपी के हापुड़ जिले में भीड़ किसी के लिए मसीहा बन गई है। थाना देहात क्षेत्र के नेशनल हाइवे-9 पर मुरादाबाद से गाजियाबाद जा रही एक मिनी ट्रक के चालक के लिए भीड़ ने मसीहा बनने का काम किया। ड्राइवर द्वारा ट्रक से कंट्रोल खो देने के बाद ट्रक सड़क किनारे खड़ी रोडवेज में जा भिड़ी। इस हादसे में ड्राइवर वाहन में ही फंस गया। यह देख लोगों ने उसे किसी प्रकार खिड़की तोड़कर बाहर निकाला और पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

आपको बता दें कि गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम निवासी अमरस मिनी ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। वह बृहस्पतिवार को हैल्पर गुफरान के साथ मुरादाबाद से सामान उतारने के लिए गए थे। जब दोनों मुरादाबाद से वापस अपने घर की ओर जा रहे थे उसी वक्त नेशनल हाइवे-9 सलाई कट के पास मिनी ट्रक का चालक अमरस अपना संतुलन खो बैठा और रोडवेज में जा टकराया।
इस हादसे के बाद रोडवेज बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। मिनी ट्रक के रोडवेज से भिड़ते ही अमरस वाहन में फंस गया। किसी प्रकार हादसे की सूचना पाकर मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। जिन्होंने अमरस को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। एसएचओ देहात कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications