PM मोदी की सभा में विस्फोट करने वाले आतंकी संगठन के दो सदस्य गिरफ्तार
मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव के पहले बिहार की राजधानी पटना में मौजूदा प्रधानमंत्री और तत्कालीन भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी रहे नरेन्द्र मोदी की सभा में वर्ष 2013 में सीरियल बम विस्फोट करने वाले आतंकी संगठन के दो सदस्यों को सोमवार की शाम में गिरफ्तार किया गया। मिर्जापुर नगर से उठाए गए दोनों सदस्यों से एटीएस, क्राइम ब्रांच सहित अन्य कई एजेंसियों की ओर से पूछताछ की जा रही है। देर रात तक पूछताछ किए जाने तक मामले का खुलासा नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच और एटीएम को उनके पास से संदिग्ध सामग्री भी मिली है। इसलिए इसके और कड़ियों को भी जांच एजेंसियां जोड़कर बाहर निकालने की कोशिश में जुटी हैं।

2013 में हुई थी सभा
पटना गांधी मैदान में वर्ष 2013 में नरेंद्र मोदी की जनसभा में सिलसिलेवार विस्फोट किया गया था। मामले की जांच कर रही एनआईए की टीम की ओर से घटना के छह महीने के अंदर मिर्जापुर से तीन और इलाहाबाद के मांडा से एक आतंकी संगठन से जुड़े सदस्य को पकड़ा था। यही नहीं घटना का मास्टर माइंड हैदर मिर्जापुर नगर के अमानगंज में रहकर पटना में होने वाली सभा के लिए बम बनाया था। उसको भी बाद में एनआईए ने झारखंड की राजधानी रांची से गिऱफ्तार कर लिया था। बावजूद घटना से जुड़े अन्य तारों को पुलिस और एटीएस तलाशने में जुटी रही। इसी का परिणाम रहा कि नगर के दो स्थानों से सोमवार की शाम को उसी घटना से जुड़े दो सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

विस्फोटक सामग्री भी मिली
बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच की टीम ने कोतवाली क्षेत्र से ही आतंकी गतिविधियों में लिप्त रहे आरोपितों के दो करीबियों को उठाया है। उनके पास से विस्फोटक भी बरामद होने की चर्चा है। क्राइम ब्रांच की सूचना पर एटीएस और अन्य जांच एजेंसियां भी उठाए गए दोनों आरोपितों से पूछताछ करने के लिए यहां पहुंच गयीं। पुलिस दोनों आरोपितों को उठाए जाने का खुलासा नहीं कर रही है। लेकिन बड़ा मामला बताकर कार्रवाई में जुटे होने की कहानी बता रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के पूरी तरह से सामने आ जाने पर खुलासा किया जाएगा। जिससे संगठन से जुड़े बाकी लोगों को भी पकड़ा जा सके।

एक बार फिर चर्चा में आया मिर्जापुर
प्रधानमंत्री पद के तत्कालीन उम्मीदवार रहे नरेन्द्र मोदी की सभा में सिलसिलेवार बम विस्फोट करने की घटना का मास्टर माइंड सहित अभी तक सदस्यों के पकड़े जाने से एक बार फिर से मिर्जापुर शहर चर्चा में है। हालांकि पुलिस अभी तक इस मामले में कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है पर कटरा कोतवाल श्रीकांत राय का कहना है कि मामला बड़ा है। इसलिए पूरी पड़ताल के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।











Click it and Unblock the Notifications