'जाट भाई जिंदाबाद' बुलवाकर दलित युवक को पीटा, दिलवाई बाबा साहब को गंदी गालियां, वीडियो वायरल
मेरठ। उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर मेरठ से दलित की पिटाई और उससे दुर्व्यवहार का घृणित मामला सामने आया है। यहां एक युवक को उसके दोस्तों और पड़ोस के रहने वाले लड़कों ने ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर पहले तो पीटा फिर उससे बाबा भीमराव अंबेडकर को गालियां दिलवाईं। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है। मामले में तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज दिया है जिसके बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ का है जहां जाट बिरादरी के कुछ युवकों द्वारा एक दलित युवक की पहले निर्मम पिटाई की गई और फिर उसे बाबा साहब अंबेडकर को गाली देने के लिए मजबूर किया गया। बताया जा है कि 18 जुलाई को दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने परीक्षितगढ़ थाने में एससी-एसटी एक्ट के साथ ही आईपीसी की धारा 323, 328, 341 और 365 के तहत राहुल, भोलू और बीनू नाम के तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज दिया है। अब उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी आपस में दोस्त थे लेकिन सबने साथ में शराब पी जिसके बाद दलित युवक के साथ जाट समुदाय के युवकों ने ऐसा बुरा बर्ताव किया।












Click it and Unblock the Notifications