NEET में हुए फेल तो मेडिकल छात्रों ने पैसे कमाने के लिए नंदू का किया अपहरण
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने कक्षा तीन के छात्र के अपहरण के मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है जिनमें दो मेडिकल की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र भी शामिल हैं। लगातार दो साल नीट में फेल होने के बाद उन्होंने मासूम के अपहरण की साजिश रच डाली लेकिन पुलिस की सक्रियता से पहले वह अपनी प्लानिंग में फेल हो गए। वहीं बाद में पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

गिरफ्तार चार लोगों में रवि वर्मा और विक्की यादव काकदेव कोचिंग मंडी में रह कर नीट की तैयारी कर रहे थे लेकिन दो बार परीक्षा देने के बाद भी वह असफल रहे। इसके बाद इन्होंने कम समय में अमीर बनने की चाहत में हॉस्टल के सामने रहने वाले हॉस्टल संचालक के बेटे की अपहरण की साजिश रची। जिसमें इन्होने अपने साथ दो अन्य लोगों को भी शामिल कर लिया। 16 अप्रैल को स्कूल जाते समय इन्होंने नौ साल के बच्चे नन्दू का अपहरण कर लिया।

फिल्मी स्टाइल में अपहरण करने के बाद कुछ ही मिनटों में इन्होंने अपह्रत के पिता को फोन कर पांच लाख की फिरौती की मांग की जिसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने नाकेबंदी की तो यह डर गए। अपहरण किए बच्चे को प्रतापगढ़ ले जाने की योजना थी लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते इन्होंने बच्चे को फतेहपुर जाने वाली बस में बैठा दिया। अपहरण के छह घंटे बाद पुलिस ने सकुशल बच्चे को बरामद कर लिया जिसके बाद पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी थी। पुलिस की टीम ने चार अपहरण कर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से अपहरण में प्रयोग की गयी मोटर साइकिल, कार ,तमंचा, टेप और हैलमेट बरामद हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications