मायावती की बड़ा फैसला, आकाश आनंद को कोऑर्डिनेटर और उत्तराधिकारी के पद से हटाया
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के मतदान के तीन चरण आज यानी मंगलवार को पूरे हो चुके हैं। अभी 4 चरण शेष रह गए हैं। इस बीच, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने बड़ा फैसला लिया है। मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को अपने राजनीतिक उत्तराधिकारी और पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक पद से हटाने का ऐलान किया।
मायावती ने अपने इस फैसले के पीछे वजह को भी उजागर किया। मायावती ने बताया कि मूवमेंट के व्यापक हित में पूर्ण परिपक्वता होने तक फिलहाल उन्हें इन दोनों जिम्मेदारियों से अलग रखा जाएगा। विदित है कि बसपा एक पार्टी के साथ ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान और सामाजिक परिवर्तन का भी मूवमेंट है, जिसके लिए कांशीरामजी व मैंने खुद भी अपनी पूरी जिंदगी समर्पित की है। इसे गति देने के लिए नई पीढ़ी को भी तैयार किया जा रहा है।

मायावती ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर आगे कहा कि इसी क्रम में पार्टी में, अन्य लोगों को आगे बढ़ाने के साथ ही, आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर व अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। लेकिन, पार्टी व मूवमेंट के व्यापक हित में पूर्ण परिपक्वता आने तक अभी उन्हें इन दोनों अहम जिम्मेदारियों से अलग किया जा रहा है। जबकि इनके पिता आनंद कुमार पार्टी व मूवमेन्ट में अपनी जिम्मेदारी पहले की तरह ही निभाते रहेंगे। अतः बीएसपी का नेतृत्व पार्टी व मूवमेन्ट के हित में एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर के कारवां को आगे बढ़ाने में हर प्रकार का त्याग व कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटने वाला है।
पढ़ाई से लेकर राजनीति तक, सबकुछ आकाश आनंद के बारे में जानें
मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे आकाश आनंद का जन्म 1995 में नोएडा में हुआ। नोएडा और गुरुग्राम से स्कूली शिक्षा हासिल करने वाले आनंद ने लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ प्लाईमाउथ से एमबीए की पढ़ाई पूरी की। भारत लौटते ही आनंद ने कई बड़ी कंपनियों के साथ काम भी किया। साथ ही अपने पिता का बिजनेस भी संभाला। साल 2016 में आनंद ने राजनीति का रूख किया। साल 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव हारने के बाद मायावती ने आनंद को जनता से रूबरू कराया। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने आकाश को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया। पिछले साल 10 दिसंबर को मायावती ने 28 साल के आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था।
कब चर्चा में छाए आनंद?
आकाश आनंद हाल ही में तब चर्चा में थे जब उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के सीतापुर में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था । यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा एक चुनावी रैली में आनंद के भाषण पर संज्ञान लेने के बाद हुई, जहां उन्होंने राज्य में बीजेपी सरकार की तुलना तालिबान से की थी।












Click it and Unblock the Notifications