पशु का कटा सर मिलने से हड़कंप, ग्रामीणों का पुलिस पर गुस्सा
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने आनन-फानन पशु के शव को वहीं मौके पर ही दफना दिया। जबकि पुलिस पोस्टमॉर्टम भेजने की बात कह रही है।
उन्नाव। इन दिनों पशुओं के साथ हो रहे अत्याचार का मामला तेजी से देखने-सुनने को मिल रहा है। इसी क्रम में उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में काफी संवेदनशील मामला सामने आया है जहां आहूजा भट्ठा के पीछे पड़ी खाली जगह पर आधा दर्जन पशु के शव मिले। पशु के क्षत-विक्षत शव के मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। इसके बाद सूचना पुलिस तक पहुंची।

किसी प्रकार के उपद्रव की आशंका से मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स बुला ली गई। मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने भी मौके का निरीक्षण किया और शवों को देखा। अचलगंज के थाना अध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं मांस को विधि विज्ञान प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने आनन-फानन गाय के शव को वहीं मौके पर ही दफना दिया। पशु के क्षत-विक्षत शव मिलने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि बाहर से आकर आराजक तत्वों ने इस हत्या को अंजाम दिया है।


अचलगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता गांव और गदन खेड़ा अचलगंज बाईपास मार्ग के बीच पशुओं के साथ ये क्रूरता की गई है। सुबह ग्रामीणों ने देखा कि खाली जगह पर बड़ी संख्या में मांस के लोथड़े पड़े हैं। इधर-उधर पशु के सर व उनके कंकाल पड़े हैं। जबकी खाल और मांस हत्यारे अपने साथ ले गए, घटना को देखकर लगता है कि बड़े आराम से पेशेवर तरीके से हत्यारों ने अपने काम को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस सक्रिय है। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications