जली को आग कहते हैं, बुझी को राख कहते हैं और जो अपना बूथ हार गया उसे.... सुन हंस पड़े अखिलेश-शिवपाल
एक स्थानीय नेता रघुराज सिंह शाक्य की हार पर ऐसा तंज कसा, जिसके सुनकर अखिलेश यादव, शिवपाल यादव समेत मौजूद हर कोई हंस पड़ा।

Mainpuri By-elections Results 2022: मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली बंपर जीत ने राज्य की सियासत में हलचल मचा दी है। डिंपल यादव मैनपुरी से 3 से अधिक लाख मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव चाचा शिवपाल के साथ मैनपुरी में काफी खुश नजर आए। इसी बीच शिवपाल यादव ने प्रसपा के सपा में विलय का ऐलान कर दिया।
गुरुवार को चुनाव जीतने के बाद अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल सिंह यादव सैफई में मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई नेता अखिलेश यादव को बधाई देने पहुंचे। बधाई देने के क्रम में एक स्थानीय नेता रघुराज सिंह शाक्य की हार पर ऐसा तंज कसा, जिसके सुनकर अखिलेश यादव, शिवपाल यादव समेत मौजूद हर कोई हंस पड़ा।
अखिलेश से मुखातिब सपा कार्यकर्ता ने कहा, 'जली को आग कहते हैं। बुझी को राख कहते हैं। जो अपना बूथ हर जाए, उसे रघुराज कहते हैं।' कार्यकर्ता के इस ताने पर सपा मुखिया अखिलेश ठठाकर हंस पड़े। उनके साथ चाचा शिवपाल भी हंसने लगे। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग बीजेपी का मजाक उड़ाते हुए ये वीडियो शेयर कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक और पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को बेहद मजबूत बढ़त मिलने के बाद सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि परिवार एकजुट होकर लड़ा इसलिए पार्टी को 'बड़ी जीत' मिली है।
शिवपाल ने कहा नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और समाजवादी सरकार ने मैनपुरी में जो विकास किया है उसकी वजह से बड़ी जीत हुई है। यहां आज भी नेता जी का जलवा कायम है।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से अपने सभी गिले-शिकवे भुला कर मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में डिंपल यादव के पक्ष में प्रचार करने वाले शिवपाल ने कहा परिवार में सभी लोग एक साथ रहेंगे। अब जो भी चुनाव होगा, हमारा पूरा परिवार एक होकर ही लड़ेगा। हमारी बहू (डिंपल) की जीत की वजह परिवार का एक होकर लड़ना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के निर्देश पर मैनपुरी के अधिकारियों ने समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया। जनता ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए सपा को रिकॉर्ड वोट दिए।












Click it and Unblock the Notifications