Lucknow News: 20 दिसंबर से शुरू होगी कांग्रेस की 'यूपी जोड़ो यात्रा', जानिए क्या हैं दावे
UP News: देश में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस यूपी में यूपी जोड़ो यात्रा निकाल रही है। इसकी शुरुआत बुधवार को सहारनपुर से होगी जिसमें कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इस बहुप्रतिक्षित यात्रा को लेकर कांग्रेस ने पूरी तैयारी की है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता एवं यूपी जोड़ो यात्रा की मीडिया कमेटी के अध्यक्ष डॉ0 सी0पी0 राय ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यूपी में यूपी जोड़ो यात्रा करने का निर्णय लिया है। भाजपा सरकार अंग्रेजों की तरह ही निरंकुश और तानाशाह है।
राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भी अंग्रेजों की तरह ही अभिव्यक्ति की आजादी पर अड़ंगे लगाती है और पदयात्रा एवं प्रदर्शनों पर रोक लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलना चाहती है। यह शांतिपूर्ण यात्रा को भी इजाजत देने में अड़ंगे लगाती है। लेकिन कांग्रेसजन अंग्रेजों से भी नहीं डरे थे और प्रदर्शन एवं आंदोलन के दम पर आजादी हासिल की थी, आज भी कांग्रेसजन नही डरेंगे और यात्रा निकलेगी।
राजनीतिक दल के रूप में सत्ता का विरोध करना हमारा हक़ है और हमारे किसी भी आयोजन में कोई बाधा नहीं आए ये व्यवस्था करना सत्ता तथा प्रशासन का कर्तव्य है। इजाज़त हो या नहीं हो कांग्रेस की यात्रा अवश्य निकलेगी।
कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश में भाजपा नेतृत्व की सरकार ने सामाजिक सद्भाव बिगाड़ा है, भाई को भाई से लड़ाने का काम किया है, पिछले 9 वर्ष से लगातार देश की युवा पीढ़ी बेरोजगारी की ओर अग्रसर है, गरीब और गरीब हो रहा है, नारी का सम्मान असुरक्षित हुआ है, किसान मजदूर परेशान हैं और भाजपा सरकार आरएसएस के एजेंडे पर नफरत फैलाने का काम कर रही है उसके जवाब में कांग्रेस पार्टी यूपी जोड़ो यात्रा निकाल रही है।
उन्होंने कहा कि, कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी जी के अहिंसा, प्रेम और सामाजिक सद्भाव के महान विचार को आगे रखते हुए उत्तर प्रदेश के गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासी, शोषित वंचित वर्ग की आवाज को बुलंद करने का काम करेगी।












Click it and Unblock the Notifications