सीएम योगी के प्रमुख सचिव पर रिश्वत का आरोप लगाने वाला अभिषेक मुकरा, नाना बोले- टेंशन में ले लिया नाम
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर गम्भीर आरोप के लगाने के बाद अभिषेक गुप्ता नामक शख्स अपने बयान से मुकर गया है। अभिषेक ने प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर 25 लाख रुपये का घूस मांगने का आरोप लगाया था और राज्यपाल राम नाईक को पत्र लिखा था जिसके बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भी पूरे मामले में जांच के आदेश दे दिये थे।

वहीं सीएम योगी के प्रमुख सचिव पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाने वाला अभिषेक गुप्ता देर शाम अपने आरोप से मुकर गया। लिखित माफीनामा पर हस्ताक्षर करते हुए प्रमुख सचिव पर लगाए गए उसने अपने आरोप वापस ले लिए। अभिषेक के नाना ओम प्रकाश गुप्ता की ओर से ये माफीनामा दिया गया है।

अभिषेक के नाना ने कहा- मानसिक तनाव में था
माफीनामा में कहा गया है कि अभिषेक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। अभिषेक के नाना ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा है कि मेरे नाती ने एक करोड़ का लोन ले रखा है, जिसकी एक लाख रु महीना किस्त आती है। हरदोई रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने की जमीन को विनिमय करने की पत्रावली शासन की ओर से निरस्त होने की वजह से अभिषेक का मानसिक संतुलन बिगड़ गया था और इसी बौखलाहट में अभिषेक ने प्रमुख सचिव पर 25 लाख रुपए मांगने का गलत आरोप लगा दिया था। देर शाम को अभिषेक ने अपने आरोप वापस ले लिए।

राज्यपाल राम नाईक को पहले लिखा था पत्र
इसके पहले शुक्रवार को राज्यपाल राम नाईक के पत्र का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने शुक्रवार को जांच के आदेश दे दिये थे। मुख्यमंत्री योगी ने प्रमुख सचिव एसपी गोयल से इस मामले पर पूरी जानकारी मांगी थी। दूसरी ओर, बीजेपी ने अभिषेक गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कराया था और कहा गया कि ये शख्स पार्टी के संगठन मंत्री सुनील बंसल और अन्य पदाधिकारियों के नाम का प्रयोग कर अनुचित कार्य करने का दबाव बना रहा था। इसके बाद पुलिस ने अभिषेक से भी इस मामले में पूछताछ की थी।

25 लाख की रिश्वत का लगाया था आरोप
बता दें कि अभिषेक गुप्ता नाम के शख्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर पेट्रोल पंप की जमीन के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। लखनऊ के इंदिरानगर निवासी गुप्ता ने राज्यपाल को 18 अप्रैल को लिखे पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी थी जिसके बाद सियासत तेज हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications