loksabha Election 2024: ' यूपी में 2009 से भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहती है कांग्रेस', जानिए INSIDE STORY
यूपी में एक तरफ जहां बीजेपी ने अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी 2009 के उस प्रदर्शन को लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही जब उसने यूपी में 21 सीटें हासिल की थी।
Uttar Pradesh Congress: अगले साल होने वाले आम चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस ने अपनी अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। एक तरफ जहां बीजपी एनडीए के कुनबे को बढ़ाने में जुटी है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस यूपी में अपनी तैयारियों में जुटी है। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि इस बार पार्टी ने 2009 के अपने प्रदर्शन को दोहराने के लिए सभी नेताओं का टारगेट फिक्स करना शुरू कर दिया था।
21 सीटों को पार करने का लक्ष्य
दरअसल कांग्रेस ने यूपी में 2009 के लोकसभा चुनाव में 21 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी जो 1989 में किए गए प्रदर्शन के बाद सबसे ज्यादा है। हाल ही में कर्नाटक, हिमाचल विधानसभा चुनाव में मिली जीत और यूपी निकाय चुनाव में किए गए बेहतर प्रदर्शन के बाद अब नेताओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ है। पार्टी को लगता है कि वह अपना पिछला प्रदर्शन दोहरा सकती है।

कांग्रेस के चुनावी तैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने एक बैठक दौरान कहा कि,
हम हर चुनाव को मजबूती के साथ लड़ते हैं और इस बार कांग्रेस की यही कोशिश है कि यूपी में कांग्रेस 2009 में किए गए प्रदर्शन से भी ज्यादा सीटें जीत सके।''पिछले चुनावी आंकड़ों को देखा जाए तो 2009 में कांग्रेस ने 21, 2004 के लोकसभा चुनाव में 9 सीटें जीतने में कामयाब हुई थी। इसके पहले 1999 में 10 और 1998 में शून्य सीट शामिल है।
निकाय चुनाव में मिले रिस्पांस से आशावान है कांग्रेस
यूपी में हाल ही में हुए निकाय चुनाव में कांग्रेस को शानदार तो नहीं लेकिन संतोषजनक परिणाम मिले थे। कई नगर निगम सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी दूसरे नंबर पर थे तो कुछ जगहों पर वह तीसरे नंबर पर थे। कांग्रेस के रणनीतिकार यह मानकर चल रहे हैं कि पिछले कुछ समय में कांग्रेस का जनाधार बढ़ा है और इसका लाभ आने वाले चुनाव में मिल सकता है।
2022 चुनाव में कांग्रेस को मिली केवल दो सीट
निकाय चुनाव से पहले हालांकि यूपी में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी की कड़ी मेहनत के बाद भी केवल दो सीटें जीतने में कामयाब रही। 2022 में हुए चुनाव में काफी कुछ दारोमदार प्रियंका गांधी पर था लेकिन वह संगठन को जीत दिलानें में नाकाम रहीं थीं। हालांकि उनपर भी ये आरोप रहे हैं कि विधानसभा चुनाव के बाद वह लंबे सयम से यूपी नहीं आईं हैं और वह भी तब जबकि उनके पास यूपी का प्रभार है।
एक अहम बैठक के दौरान खाबरी ने अपनी कोर टीम से कहा,
लोग कहते हैं कि यूपी में कांग्रेस कहां है। इस मिथक को तोड़ना है। इसलिए हमें 2009 की तुलना में भी अधिक सीटें हासिल करनी हैं। इसके लिए यही सही है कि आप जहां कहीं भी हों हमेशा जनता से जुड़े रहिए और उनके साथ खड़े रहिए। उनके मुद्दों को उठाने की कोशिश कीजीए क्योंकि 2024 का लोकसभा चुनाव भारतीय लोकतंत्र का भविष्य तय करने वाला चुनाव है।












Click it and Unblock the Notifications