Lok Sabha Chunav 2024: बीजेपी के लिए फायदेमंद साबित नहीं हुई RLD! पश्चिम की कई सीटें हाथ से फिसलीं
Uttar Pradesh Lok Sabha Chunav 2024 Results: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों ने इस बार सभी को चौंका दिया है। एक तरफ, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने बहुमत के आंकड़े '400 पार' के आस-पास भी नहीं भटक सकी और सिर्फ 240 सीटों पर सिमट कर रह गई।
दूसरी तरफ, एनडीए (नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस) ने कुल 292 सीटें जीतीं। हालांकि, लोकसभा में सबसे ज्यादा 80 सीटों से अपनी जगह बनाने वाले उत्तर प्रदेश में बीजेपी सिर्फ 33 पर ही अटक गई, जबकि इस चुनाव में कांग्रेस के सहयोगी दल रही समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें घसीट लीं। वहीं, कांग्रेस ने 6 सीटों पर कब्जा जमाया।

खास बात यह रही कि चुनाव में बीजेपी का आरएलडी (राष्ट्रीय लोक दल) से गठबंधन फायदेमंद नहीं साबित हुआ। जिसके कारण, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई सीटें बीजेपी को गंवानी पड़ीं। गठबंधन होने के बावजूद, बीजेपी को उन सीटों पर नुकसान हुआ, जहां पर आरएलडी का मजबूत प्रभाव था। इस क्षेत्र में किसान और जाट समुदाय की समस्याओं और विपक्षी दलों के मजबूत अभियान ने भी बीजेपी के प्रदर्शन को प्रभावित किया। आइए जानते हैं कौन- कौन सी हैं सीटें...?
- सहारनपुर सीट: इस सीट पर आरएलडी का समर्थन क्षेत्र काफी मजबूत है। उसके बाद भी कांग्रेस के इमरान मसूद ने बाजी मार ली।
- कैराना सीट: यहां जाट और मुसलमान वोटरों का प्रभाव है, जो आरएलडी के समर्थन में आते हैं। फिर भी सपा के इकरा चौधरी ने यह सीट झटक ली।
- मुजफ्फरनगर: यहां भी जाट समुदाय की बड़ी आबादी है, और आरएलडी का समर्थन इस क्षेत्र में मजबूत है। बावजूद इसके, सपा के हरेंद्र सिंह मलिक ने बाजी मार ली।
- नगीना सीट: यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। इस क्षेत्र में मुख्यतः ग्रामीण आबादी है और यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है। यहां अनुसूचित जाति और मुस्लिम समुदाय का प्रभुत्व है। वहीं, आरएलडी का प्रभाव सीमित ही रहा है। बावजूद इसके, इस बार एएसपीकेआर के चंद्रशेखर आजाद ने बाजी मार ली।
- मुरादाबाद सीट: यूपी की इस पश्चिमी सीट पर आरएलडी का प्रभाव सीमित है। मुरादाबाद में मुस्लिम और अन्य जातियों का जनसंख्या प्रभुत्व है। इस कारण, आरएलडी का यहां चुनावी प्रभाव अन्य प्रमुख दलों की तुलना में कम देखा गया है। इस कारण मुरादाबाद से सपा की रुचि वीरा ने बाजी मारी है।












Click it and Unblock the Notifications