PM मोदी के 'लाल टोपी' वाले बयान पर बोले अखिलेश, ये 'लाल टोपी और लाल पोटली' सिखाएगी BJP को सबक
लखनऊ, जनवरी 29। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और आरएलडी का गठबंधन लगातार बीजेपी पर हमलावर है। सपा की तरफ से अखिलेश यादव और आरएलडी के तरफ से जयंत चौधरी भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। उत्तर प्रदेश की सियासत में पिछले एक महीने से 'लाल टोपी' की चर्चा खूब हो रही है और इसकी शुरुआत पीएम मोदी ने पिछले महीने गोरखपुर में एक रैली में दिए अपने बयान से की थी। पीएम के बयान पर अब अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने कहा है कि यही 'लाल टोपी और लाल पोटली' बीजेपी को सबक सिखाएगी।

भाजपा को यूपी में मिलेगी 0 सीट- अखिलेश यादव
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "आने वाले चुनाव में ये 'लाल टोपी और लाल पोटली' ही बीजेपी को सबक सिखाएगी। बीजेपी को गिराने के लिए किसान तैयार है और बीजेपी को यूपी से भगाने के लिए तैयार हैं। इस चुनाव में भाजपा को 0 सीट मिलेगी क्योंकि पश्चिमी यूपी के लोग बीजेपी का सूरज हमेशा के लिए अस्त कर देंगे।"
समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है- अखिलेश
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जब कोई पहलवान हारने लगता है तो हाथ-पैर फड़फड़ाता है, कभी काटता है, खरोंचता है या गला घोंटता है... यही तो बीजेपी कर रही है... समाजवादी पार्टी एक ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने गोरखपुर में एक सभा में अपने भाषण के दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि ये 'लाल टोपी' वाले उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट है। प्रधानमंत्री ने गोरखपुर में एम्स, खाद कारखाने और आईसीएमआर के क्षेत्रीय केंद्र का लोकार्पण किया था।












Click it and Unblock the Notifications