IAS HS Keerthana: थलापति विजय की को-स्टार कैसे बनीं IAS? 5 बार हुईं थी फेल, दिल छू लेगी एचएस. कीर्तना की कहानी
IAS HS Keerthana: कभी फिल्मों की चमक-दमक में नजर आने वाली एक छोटी बच्ची ने जब एक्टिंग छोड़कर किताबों का रास्ता चुना, तब शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि वही बच्ची आगे चलकर IAS अफसर बनेगी। कन्नड़ और तमिल फिल्मों में बाल कलाकार के तौर पर पहचान बनाने वाली एच.एस. कीर्तना (HS Keerthana) की कहानी आज लाखों UPSC अभ्यर्थियों के लिए मिसाल बन चुकी है।
छह प्रयास, पांच बार प्रीलिम्स में असफलता और फिर आखिरकार ऑल इंडिया रैंक 167 (AIR 167) के साथ UPSC पास करना, यह सफर आसान नहीं था। दिलचस्प बात यह भी है कि कीर्तना ने अपने फिल्मी करियर में अभिनेता विजय के साथ काम किया था, जो आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं। एक ही फिल्म के दो बाल कलाकारों का आगे चलकर अलग-अलग क्षेत्रों में इतनी बड़ी पहचान बनाना लोगों को हैरान भी कर रहा है और प्रेरित भी।

4 साल की उम्र में शुरू किया अभिनय
एच.एस. कीर्तना ने बहुत छोटी उम्र में ही कैमरे के सामने काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने कन्नड़ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में बाल कलाकार के तौर पर खास पहचान बनाई। अपनी मासूम एक्टिंग और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस की वजह से उन्हें कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार भी मिले।
कीर्तना ने करपूरदा गोम्बे, गंगा-यमुना, मुद्दिना आलिया, उपेन्द्र A, कानूर हेग्गडाती, सर्कल इंस्पेक्टर, ओ मल्लिगे, लेडी कमिश्नर, हब्बा, दोरे, सिम्हाद्री, जननी, चिगुरु और पुतानी एजेंट जैसे कई टीवी शोज और फिल्मों में काम किया।

15 साल की उम्र में छोड़ दी फिल्म इंडस्ट्री
जहां ज्यादातर कलाकार फिल्मी दुनिया में लंबा करियर बनाना चाहते हैं, वहीं कीर्तना ने अलग रास्ता चुना। करीब 15 साल की उम्र में उन्होंने अभिनय छोड़ दिया। उनके पिता चाहते थे कि वह एक बड़ी अफसर बनें और देश के लिए काम करें। यही सपना आगे चलकर कीर्तना की सबसे बड़ी प्रेरणा बना। उन्होंने पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया और कंप्यूटर साइंस में बीई की डिग्री हासिल की।
पहले KAS, फिर UPSC की तैयारी
UPSC की तैयारी शुरू करने से पहले कीर्तना ने साल 2011 में कर्नाटक एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस यानी KAS परीक्षा दी। उन्होंने यह परीक्षा शानदार तरीके से पास की और अधिकारी बनीं। KAS अधिकारी के तौर पर काम करते हुए उनके अंदर देश के लिए बड़े स्तर पर काम करने की इच्छा और मजबूत हुई। इसके बाद उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।
पांच बार असफल, फिर छठे प्रयास में मिली सफलता
कीर्तना का UPSC सफर आसान नहीं था। उन्होंने 2013 में पहली बार UPSC CSE परीक्षा दी। इसके बाद लगातार कई प्रयास किए, लेकिन पांच बार वह प्रीलिम्स परीक्षा भी पार नहीं कर सकीं। लगातार असफलता के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। हर बार अपनी गलतियों को समझा, तैयारी का तरीका बदला और मेहनत जारी रखी। आखिरकार साल 2020 में अपने छठे प्रयास में उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर ली। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 167 हासिल की और IAS अधिकारी बनीं।
एच.एस. कीर्तना अभी कहां हैं पोस्टेड?
एच.एस. कीर्तना 2020 बैच की कर्नाटक कैडर की IAS अधिकारी हैं। उनकी पहली पोस्टिंग कर्नाटक के मंड्या जिले में असिस्टेंट कमिश्नर के रूप में हुई थी। फिलहाल वह 10 जुलाई 2024 से चिक्कमगलुरु जिला पंचायत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO के पद पर तैनात हैं।
विजय के साथ किया था काम
कीर्तना का नाम इन दिनों एक और वजह से चर्चा में है। उन्होंने साल 1992 में तमिल फिल्म नालैया थीरपू में अभिनेता विजय (CM Vijay) के साथ काम किया था। खास बात यह है कि यह विजय की बतौर लीड अभिनेता पहली फिल्म थी। उस समय दोनों बाल कलाकार के तौर पर स्क्रीन पर साथ नजर आए थे और दर्शकों ने उनकी जोड़ी को पसंद भी किया था।
एक फिल्म, दो अलग रास्ते
समय के साथ दोनों कलाकारों की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। विजय आगे चलकर तमिल सिनेमा के बड़े सुपरस्टार बने और फिर राजनीति में आए। आज वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं। वहीं दूसरी तरफ कीर्तना ने फिल्मों से दूरी बनाकर प्रशासनिक सेवा का रास्ता चुना और IAS अधिकारी बन गईं।
एक ही फिल्म से जुड़े दो कलाकारों का आगे चलकर अलग-अलग क्षेत्रों में इतनी बड़ी पहचान बनाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: Thalapathy Vijay के इस को-स्टार ने इस्लाम क्यों कबूला? क्या रखा नया नाम? गले में शिव-यीशु की माला!












Click it and Unblock the Notifications