लखीमपुर बवाल: राहुल गांधी ने बढ़ाया बहन प्रियंका गांधी का हौसला, बोले- 'मैं जानता हूं, तुम पीछे नहीं हटोगी'
लखनऊ, 4 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी घटना को लेकर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। किसानों से मिलने जाने वाले नेताओं को नजरबंद और हिरासत में ले लिया गया है वहीं, दिल्ली-यूपी-गाजीपुर बॉर्डर बंद कर दिया गया है। इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी किसानो से मिलने लखीमपुर पहुंचने वाली थीं लेकिन उन्हें हरगांव के पास हिरासत में ले लिया गया। प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने से रोके जाने पर राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। इससे पहले किसानों की मौत पर उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा था।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी बहन और सहयोगी प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने का विरोध किया है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा,
प्रियंका, मैं जानता हूँ तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।
लखीमपुर खिरी में हुई दर्दनाक घटना पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार ट्वीट कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था,
जो इस अमानवीय नरसंहार को देखकर भी चुप है, वो पहले ही मर चुका है। लेकिन हम इस बलिदान को बेकार नहीं होने देंगे- किसान सत्याग्रह ज़िंदाबाद!
यह भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर लखनऊ में संग्राम, अखिलेश यादव के घर के बाहर पुलिस जीप में आगजनी
क्या है मामला?
गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान रविवार को हालात बिगड़ गए। किसानों का आरोप है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे ने विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के ऊपर अपनी गाड़ी चढ़ा दी। इस घटना में अभी तक 8 किसानों की मौत की खबर है। इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी लखीमपुर में किसानों से मिलने के लिए 3-4 अक्टूबर की रात 1 बजे अपने आवास से रवाना हुईं लेकिन उन्हें हरगांव से हिरासत में ले करके सीतापुर पुलिस लाइन ले जाया गया। इस बीच प्रियंका गांधी का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह पुलिसवालों पर भड़कती नजर आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications