Kuwait Fire: मासूम बच्चियां पूछ रही हैं पापा कहां हैं? रोते-रोते सूख गए परिजनों के आंसू, पसरा सन्नाटा
Kuwait fire tragedy: बुधवार को कुवैत के मंगाफ में एक भवन में आग लगने के चलते 45 भारतीयों की मौत हो गई। इन 45 लोगों में उत्तर प्रदेश के तीन लोग भी शामिल हैं। जयराम गुप्ता और अंगद गुप्ता गोरखपुर के रहने वाले हैं तथा प्रवीण माधव सिंह वाराणसी के रहने वाले हैं।
इस अग्निकांड में करने वाले लोगों की डेड बॉडी भारतीय वायुसेना के विमान से भारत लाया जा रहा है। क्योंकि मरने वाले अधिकतर लोग कोच्चि के हैं ऐसे में फ्लाइट से पहले वहीं के लाेगों का शव पहुंचाया जाएगा।

उसके बाद अंगद गुप्ता, जयराम गुप्ता और प्रवीण माधव सिंह की डेड बॉडी लेकर फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी वहां से शव गोरखपुर और वाराणसी भेजा जाएगा। प्रवीण माधव सिंह का परिवार वाराणसी के शिवपुर थाना अंतर्गत छतरीपुर स्थित गायत्री धाम कॉलोनी में रहता है।
इस हादसे में मरने वाले प्रवीण माधव सिंह के पिता जयप्रकाश नारायण ने वन इंडिया हिंदी के रिपोर्टर प्रवीण यादव से बात करते हुए बताया कि हादसे के वक्त संभवत उनका बेटा सो रहा था। उन्होंने कहा कि संभावना है कि दम घुटने के चलते बेटे की मौत हुई होगी।
जयप्रकाश नारायण ने बताया कि गुरुवार सुबह 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा भी हादसे की चपेट में आया था जिससे उसकी मौत हो गई। उसके बाद ही उनके परिवार के लोग रोने लगे। शुक्रवार दोपहर में भी उनके परिवार में मातम पसरा रहा।
हाल ही में कोलकाता से परिवार को लेकर आए थे वाराणसी
प्रवीण के भाई विकास सिंह ने बताया कि दो माह पहले उनके भाई प्रवीण वाराणसी आए हुए थे। उसके पहले उनकी पत्नी और बच्चियां अपने नाना के साथ कोलकाता में ही रहती थीं। वाराणसी आने पर प्रवीण ने अपनी पत्नी रूपा सिंह और 8 साल की बेटी मनीषा और 10 माह की बेटी जानवी को गायत्री धाम कॉलोनी में बने मकान पर लेकर आए।
विकास ने यह भी कहा कि वापस जाते समय उन्होंने कहा था कि अब अगली बार आएंगे तो वाराणसी में ही रहकर कोई दूसरा कारोबार करेंगे। लेकिन परिवार को कहां इस बात की जानकारी थी कि इस बार आखिरी मुलाकात है। परिजनों ने बताया कि बच्चियां रो रही हैं और अपने पिता के बारे में पूछ रही हैं।
अधिकारियों ने परिजनों से की मुलाकात
परिजनों द्वारा बताया गया कि शनिवार सुबह में प्रवीण माधव सिंह का शव वाराणसी आने की जानकारी मिल रही है। सीएम योगी के निर्देश पर सुबह 10:30 बजे जिलाधिकारी वाराणसी एस. राज लिंगम और एडीएम फाइनेंस सहित अन्य अधिकारी भी प्रवीण माधव सिंह के घर पहुंचे।
अधिकारियों ने उनके पिता और परिवार के सदस्यों से मिलकर घटना को लेकर दुख व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि अधिकारियों द्वारा बताया गया है कि पीएमओ द्वारा खुद पूरे मामले की निगरानी की जा रही है। जितना जल्दी हो सके उतना जल्दी शव वाराणसी लाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications