महाकुंभ मेला-2025 को ध्यान में रखते हुए रेलवे तैयारियों में जुटा, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
प्रयागराज संगम पर आयोजित होने वाले आगामी महाकुंभ मेला-2025 में श्रद्धालुओं की अनुमानित भीड़ के मद्देनजर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबंधित अधिकारियों के साथ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुचारू एवं समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बनारस-प्रयागराज रामबाग रेल खंड का विंडो निरीक्षण किया।
प्रयागराज रामबाग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने यात्री आरक्षण केंद्र, अनारक्षित टिकट काउंटर, अस्थायी खाद्य एवं जल विक्रय स्टाल, प्रतीक्षालय, अतिरिक्त प्रवेश एवं निकास मार्ग, मेला यात्रियों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन स्थायी एवं अस्थायी प्लेटफार्म को देखा।

इसके अलावा उन्होंने यात्री शेड, आरसीसी बेंच, फुट ओवर ब्रिज, अस्थायी प्रतीक्षालय, सीसीटीवी सर्विलांस, भीड़ प्रबंधन हेतु नियंत्रण कक्ष तथा यात्री सुविधा विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज रामबाग में आगामी कुंभ मेले में अनुमानित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेला यात्रियों को सुरक्षा एवं अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके लिए प्रयागराज रामबाग में रैंप सहित अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज का निर्माण, प्लेटफार्मों पर तीन लिफ्ट की व्यवस्था, अस्थायी स्टेबलिंग लाइन की व्यवस्था, मेला स्पेशल चलाने के लिए प्लेटफार्म का निर्धारण तथा आवश्यकतानुसार मेला प्राधिकरण के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार मेला स्पेशल ट्रेनों में ईएमयू रैक का प्रयोग किया जाएगा, जिससे इंजन को पीछे करने की समस्या नहीं होगी। आपको यह भी बता दें कि इससे पहले झूंसी स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने द्वितीय प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया में बन रहे यात्री प्रतीक्षालय, बाउंड्रीवाल, हाईमास्ट लाइट, अस्थाई शौचालय, रात्रि यातायात हेतु सड़क को देखने के साथ ही अधिकारियों से जानकारी ली।
यहां भी उन्होंने निरीक्षण के साथ ही संबंधित अधिकारियों को यात्री संबंधी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रेलवे विकास कार्यालय में मंडल अधिकारियों एवं रेल विकास निगम लिमिटेड के पदाधिकारियों एवं इंजीनियरों के साथ झूंसी-दारागंज के बीच बन रहे गंगा रेल पुल की प्रगति की समीक्षा की।












Click it and Unblock the Notifications