Kanwar Yatra: सावन में वाराणसी के अंदर सभी मांस और पोल्ट्री की दुकानें रहेंगी बंद, आदेश जारी
Kanwar Yatra: यूपी में पहले दुकानों पर नेम प्लेट लगाने के आदेश के बीच एक और बड़ा निर्णय लिया गया है। ताजा आदेश वाराणसी नगर निगम ने जारी किया है। जिसके मुताबिक, सिर्फ ढाबों और फूड व फ्रूट की अन्य दुकानों पर नेम प्लेट ही नहीं जरूरी है, बल्कि कांवड यात्रा के मार्ग पर सभी मांस और पोल्ट्री की दुकानों को बंद रखना होगा। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी वाराणसी में पशु विभाग के अधिकारियों को सौंपी गई है।
बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस (वाराणसी) में पूरे सावन के महीने में मांस और पोल्ट्री की दुकानों पर नगर निगम ने प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि ये आदेश सिर्फ नगर निगम की सीमा तक ही सीमित है।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि कांवरियों के लिए किसी भी असुविधा या समस्या को रोकने के लिए कांवर मार्गों पर ये दुकानें पूरे सावन महीने में बंद रहें। अपने आदेश में उन्होंने कहा, चूंकि कांवरिया विभिन्न मार्गों से आते हैं, इसलिए उनके मार्गों पर एक सर्वेक्षण किया जाएगा ताकि मार्ग पर मांस और मुर्गे की दुकानें जल्द से जल्द बंद हो जाएं।
वाराणसी नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने एक बयान में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महापौर की अध्यक्षता में कार्यकारी समिति की बैठक में लिए निर्णय का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस ने शनिवार को कहा कि श्रावण शिवरात्रि महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एएसपी मनीष कुमार मिश्रा ने कहा, "सावन महीने में शिवरात्रि महोत्सव को लेकर अंतरविभागीय बैठक में दिल्ली के पड़ोसी जिलों के अधिकारी भी शामिल हुए। सभी तैयारियां सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं। श्रावण शिवरात्रि का त्योहार को लेकर इस अंतर-विभागीय बैठक में सुरक्षा, सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं सहित सभी पहलुओं पर चर्चा की गई।"












Click it and Unblock the Notifications