RSS की बैठक में MLC चुनाव और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हुई चर्चा, कई दिग्गज मंत्री भी हुए शामिल
लखनऊ, 17 अगस्त: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय स्वयं संघ (RSS)ने भी समन्वय बैठकों के जरिए अपने एजेंडे और योजनाओं को अमल में लाना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में सोमवार को लखनऊ के निरालानगर में संघ के पदाधिकारियों की एक बैठक सम्पन्न हुई जिसमें केंद्रीय स्तर के कई पदाधिकारी भी उपस्थित थे। संघ से जुड़े सूत्रों की माने तो यूपी में कैबिनेट का संभावित विस्तार, एमएलसी चुनाव को लेकर चर्चा हुई। बैठक आज दूसरे दिन भी जारी रहेगी जिसमें कई महत्वपूर्ण लोग शामिल होंगे।

लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बड़ी बैठक हुई। इस बैठक में संघ के सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल ने सरकार के मंत्रियों के साथ संघ के एजेंडे पर चर्चा की। बताया जा हा है कि इस बैठक में शैक्षणिक और आर्थिक कार्यों की समीक्षा भी की गई। इसके साथ ही बैठक में संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी रहे। संघ के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने बताया, '' पहले दिन की बैठक में शैक्षिणक कार्यों के साथ ही आर्थिक समीक्षात्मक बैठक हुई। इसमें यूपी में कैबिनेट की संभावित विस्तार और एमएलसी का चुनाव मुद्दा था।''
यूपी एमएलसी चुनाव में नामों को लेकर हुआ मंथन
पदाधिकारी की माने तो बैठक में ज्यादा फोकस एमएलसी चुनाव को लेकर था। यूपी में विधान परिषद की चार सीटें खाली हैं जिसमें वरिष्ठ नेताओं का समायोजन होना है। वहीं सहयोगी दल भी अपनी तरफ से दबाव बनाने में लगे हैं लेकिन विधान परिषद में भेजे जाने वाले नामों का एक पैनल तैयार किया जाएगा जिसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। अंतिम फैसला वहीं लिया जाना है। वहीं बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि अब यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार करना सही होगा या नहीं। हालांकि इसको लेकर अभी संघ में भी सहमति नहीं बन पायी है।
बैठक में कई मंत्री शामिल हुए
इसके साथ ही अलग-अलग संगठनों से सरकार के कामकाज पर फीडबैक भी लिया गया। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ दिनेश शर्मा, जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी शामिल हुए। तो वही बैठक में संघ के सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल, क्षेत्रीय प्रचारक पूर्वी क्षेत्र अनिल कुमार व पश्चिम क्षेत्र के प्रचारक महेश कुमार भी मौजूद रहे।
एमएलसी की चार सीटें यूपी में खाली
उत्तर प्रदेश में एमएलसी की चार सीटें खाली हुई हैं जिनको लेकर बहुत दिनों से कयास लगाए जा रहे हैं। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में बीजेपी की तरफ से चार नामों का ऐलान किया जा सकता है। इन सीटों को लेकर संघ और बीजेपी में काफी नेता अंदरखाने सक्रिय हैं जो जोड़तोड़ में लगे हुए हैं। जिन नामों पर अटकलें लगाई जा रही हैं उनमें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, हाल ही में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी दयाशंकर सिंह का नाम शामिल है। इसके अतिरिक्त सुभाससपा और निषाद पार्टी भी केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव डाल रहे हैं। हालांकि इनका समायोजन होगा इस बात की संभावना काफी कम ही है। बताया जा रहा है कि निषाद पार्टी को यूपी में कुछ सीटें बीजेपी दे सकती है।












Click it and Unblock the Notifications