इमराना ने दिया तीन बेटियों को एक साथ जन्म, कहा मुझे गर्व है
तीन बेटियों को एक साथ जन्म देकर यह मां अपना सर गर्व से महसूस कर रही है। तीनों शिशु पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
सहारनपुर। कुदरत के खेल भी निराले हैं। अनेकों दंपति जहां औलाद न होने से परेशान हैं और औलाद पाने की खातिर न जाने क्या कुछ नहीं कर रहे हैं, वहीं सहारनपुर में एक दंपति पर कुदरत ने ऐसी मेहरबानी की है कि एक महिला ने एक नहीं बल्कि तीन-तीन बेटियों को एक साथ जन्म दिया। तीन बेटियों को एक साथ जन्म देकर यह मां गर्व महसूस कर रही है। तीनों शिशु पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

थाना बडगांव क्षेत्रांतर्गत गांव नूनाबडी निवासी आरिफ और उसकी पत्नी इमराना की शादी कई साल पहले हुई थी। शादी के बाद इमराना ने एक बेटे को जन्म दिया था। इसके करीब डेढ साल बाद इमराना फिर से गर्भवती हुई और उसने इस बार भी एक लड़के को जन्म दिया। तीसरी बार गर्भवती होने पर इमराना ने एक बेटी को जन्म दिया। अब चौथी बार गर्भवती होने पर इमराना को महसूस हुआ कि उसका पेट कुछ जरूरत से ज्यादा ही बढ़ रहा है।
डाक्टरों को दिखाया गया तो सबकुछ नॉर्मल बताया गया। बुधवार की सुबह इमराना को प्रसव पीड़ा हुई तो उसका पति उसे लेकर देवबंद के सरकारी अस्पताल में पहुंचा। तमाम औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद इमराना को जब प्रसव के लिए लेबर रूम में ले जाया गया तो सरकारी अस्पताल की डाक्टर और नर्स एक नॉर्मल डिलीवरी समझ कर ही प्रसव कर रहे थे। पहली बच्ची को जन्म होने के बाद उसे लेबर रूम से बाहर भी नहीं लाया गया था कि इमराना को फिर से प्रसव पीड़ा होने लगी, जिस पर उसके गर्भ की जांच की गई तो पता चला कि गर्भ में अभी भ्रूण बाकी है। पुनः डिलीवरी हुई तो इमराना ने दो अन्य बेटियों को जन्म दिया।
इस प्रकार इमराना ने एक साथ तीन तीन बेटियों को जन्म दिया है। इमराना के पति आरिफ का कहना है कि उसे और उसकी पत्नी को तीन-तीन बेटियों को जन्म दिए जाने पर गर्व है। बहरहाल इमरान के परिवार में खुशी का माहौल है और जच्चा व बच्चा स्वस्थ हैं।












Click it and Unblock the Notifications