गोहत्या करने वाले होंगे बिरादरी से बाहर, मस्जिद से हुआ ऐलान
52 गावों के तुर्कों की मीटिंग में मौलानाओं ने ऐलान किया है कि अगर कोई गोहत्या करेगा तो उसे बिरादरी से बाहर किया जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संभल। तुर्क समाज के लोग अगर गोहत्या करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तो होगी ही, साथ ही उसे बिरादरी से बाहर का रास्ता भी दिखाया जाएगा। यह ऐलान 52 गांवों के तुर्को की मीटिंग में मौलानाओं ने किया है। यह पंचायत गुरुवार शाम को आयोजित हुई।

जिले के मदाला गांव में 52 गांवों के तुर्क बिरादरी के लोगों की मस्जिद में मीटिंग हुई जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में इसरार रहे। बैठक में मौलाना मोहम्मद अली, मौलाना फुरकान,मौलाना तालिब हुसैन और मौलाना तौसीफ रजा ने शिरकत की। इसमें मौलानाओं ने तुर्क बिरादरी के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुस्लिम को गोहत्या बिल्कुल नहीं करनी चाहिये। हमारा मजहब किसी धर्म को ठेस पहुचाने की इजाजत नही देता।
इसके साथ ही कहा कि तुर्क बिरादरी का कोई भी व्यक्ति गोहत्या करता है और पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उसके साथ उसे तुर्क बिरादरी से बेदखल कर दिया जायेगा। फिर उसका तुर्क समाज से कोई ताल्लुक नहीं रहेगा। इसके साथ ही मौलानाओं ने पीएम के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की सराहना भी की। बैठक में लिए गये निर्णय के लिए तुर्क समाज के लोगों को पाबन्द किया है।












Click it and Unblock the Notifications