यूपी चुनाव: ओवैसी को कहा वायरस! महामारी के जुमलों के जरिए कैसे नेता साध रहे विरोधियों पर निशाना
लखनऊ, 10 दिसंबर। वैसे तो वायरस से बीमारी होना कोई नई बात नहीं है लेकिन कोरोना वायरस पिछले दो सालों से भारत ही नहीं दुनिया को परेशान किए हुए है। फिलहाल कोरोना वायरस के वैरिएंट ओमिक्रॉन से जूझने की तैयारी देश और उत्तर प्रदेश दोनों में चल रही है। उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव भी है जिसके लिए पार्टियां लगातार रैलियां, रोड शो कर रही हैं। अखिलेश यादव प्रदेशभर में विकास रथ यात्रा पर निकले हैं। कांग्रेस भी पद यात्रा का आयोजन कर रही है। सत्ताधारी भाजपा लगातार लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास कर रही है। जनसभाओं का दौर जारी है। चुनावी भाषणों में नेता एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं लेकिन इस बार उनके भाषणों पर भी कोरोना और जीका जैसे वायरस का असर है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पिछले महीनों में जीका वायरस के केस आए थे। कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने तो उत्तर प्रदेश पर कहर ही ढा दिया था। वायरस के संक्रमण काल में कुछ ऐसे शब्द हम सब हर रोज सुनते हैं जैसे मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, क्वारंटाइन, होम आइसोलेशन। चुनावी मौसम में महामारी के इन जुमलों का इस्तेमाल कर उत्तर प्रदेश के नेता एक-दूसरे पर तंज करते देखे गए हैं।

सीएम योगी ने कहा- विरोधी दलों के नेता होम आइसोलेशन में रहें
कोरोना काल में ही होम आइसोलेशन शब्द को लोगों ने जाना। जिन मरीजों में लक्षणरहित संक्रमण मिले उनको सरकारों ने होम आइसोलेशन में रहने को कहा। जो लोग बाहर से यात्रा करके आए उनको भी 14 दिन होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई। होम आइसोलेशन का अर्थ है, घर के अंदर ही किसी ऐसे कमरे में रहना जहां कोई और न जाए, अलग वॉशरूम भी हो। इस जुमले की गूंज 8 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली में सुनने को मिली। मथुरा के मांट विधानसभा क्षेत्र में भाषण देते हुए सीएम योगी ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के नेता कोरोना काल में होम आइसोलेशन में चले गए थे। अभी सत्ता उनके लिए बहुत दूर की कौड़ी है इसलिए अभी कुछ साल और वे होम आइसोलेशन में ही रहें।

अखिलेश ने कहा- भाजपा को जनता क्वारंटाइन कर देगी
कोरोना वायरस का संक्रमण जब फैलने लगा तो दुनियाभर में क्वारंटाइन सेंटर बने जिसमें संक्रमित मरीजों को रखा गया। क्वारंटाइन सेंटर में मरीजों को बाकी स्वस्थ लोगों से दूर रखा जाता है ताकि वायरस उन तक न फैले और संक्रमितों का इलाज भी हो। वायरस का सफाया करने के लिए क्वारंटाइन सेंटर बनाए जाते हैं। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस बार के चुनाव में भाजपा को जनता क्वारंटाइन कर देगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान गरीबों, मजदूरों और आम जनता को प्रदेश की योगी सरकार ने अनाथ छोड़ दिया था। कोरोना की वजह से बहुत लोगों की जान चली गई जिसके लिए उन्होंने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि जनता सब देख रही है और उससे ज्यादा समझदार कोई नहीं है। इस बार जनता भाजपा को क्वारंटाइन कर देगी। किसान और नौजवान भाजपा का सफाया करेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा- ओवैसी जैसे वायरस के लिए है मोदी टीका
कोरोना वायरस को रोकने के लिए कोवैक्सीन और कोविशील्ड नाम से देश में टीका बने हैं। भाजपा नेता इस टीके को लेकर अपने पक्ष में प्रचार करते हैं कि मोदी सरकार ने टीका बनवाकर वायरस को रोकने का काम किया। उत्तर प्रदेश चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी अपनी पार्टी एआईएमआईएम के साथ उतरे हैं। सितंबर में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी को वायरस कह दिया। कहा कि ऐसे वायरस को ठीक करने के लिए मोदी टीका बना है। उनका समर्थन करते हुए बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा विधायक जीवेश कुमार ने कहा कि मोदी और योगी सरकार के सामने कोई भी वायरस नहीं टिकेगा। यूपी में योगी इतने सक्षम हैं कि राष्ट्रवाद के विरोधी वायरस उनके सामने नहीं टिक पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications