Uttar pradesh: नदी किनारे पानी भरने गए दो बुजुर्ग दलदल में फंसे, कई घंटों के रेस्क्यू के बाद बची जान
लखनऊ, अक्टूबर 09। उत्तर प्रदेश के दूर-दराज वाले इलाकों में घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए राज्य और केंद्र सरकारें तमाम योजनाएं अभी तक चला चुकी हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। दरअसल, सोशल मीडिया पर यूपी के हमीरपुर जिले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो राज्य में पानी जैसी बुनियादी जरूरत तक पहुंच को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। इस वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति दलदल में फंसा हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति पानी की तलाश में नदी किनारे गया था।

पानी लेने नदी पर गया व्यक्ति फंसा दलदल में
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति को स्थानीय लोग और पुलिस के सिपाही कीचड़ में से निकालने की कोशिश कर रहे हैं। बुजुर्ग व्यक्ति को एक डंडे के जरिए गाद से निकालने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो हमीरपुर जिले के मौदहा के छानी गऊ घट का है। जानकारी के मुताबिक, यह व्यक्ति घाट किनारे पानी लेने के लिए गया था और यह दलदल में फंसा गया, जिसके बाद उसे बाहर निकालने के लिए घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

रेस्क्यू के दौरान वीडियो बनाता दिखा पुलिसकर्मी
वायरल हो रहे वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने हर में नल का पानी होने के सरकार के वादों पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में एक पुलिस वाले को मुस्कुराते हुए और अपने फोन से रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो बनाते हुए भी देखा जा सकता है। पुलिसकर्मी की इस कार्यशैली पर भी लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ग्रामीणों ने दलदल से दो बुजुर्गों को बचा भी लिया।

स्थानीय लोगों ने सरकार के दावों की खोली पोल
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में नल का पानी काफी खारा आता है और वो पीने योग्य नहीं होता इसलिए ग्रामीणों को नदी किनारे ही पानी के लिए जाना पड़ता है। दलदल से निकाले गए एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा है कि हम हमेशा ताजे पानी के लिए नदी किनारे जाते हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा है कि राज्य के जल शक्ति मंत्री ने हाल ही में नमामि गंगे मिशन के तहत हमीरपुर जिले का दौरा किया था और स्थानीय लोगों को यह आश्वासन दिया था कि उन्हें जल्द ही नलों के जरिए पीने का पानी मिलने लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications