Hamirpur News: महिला ने डीएम कार्यालय में नमाज पढ़कर चौंकाया, वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप!
Hamirpur News: हमीरपुर में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां जिला अधिकारी कार्यालय के परिसर में एक महिला ने ईद की नमाज अदा कर दी। यह घटना तब सामने आई जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बीते पांच वर्षों से उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए लापरवाही बरतने वाले सात होमगार्डों को निलंबित कर दिया। इससे पहले पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की थी। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला आखिर कैसे डीएम कार्यालय के अंदर दाखिल हुई।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें देखा जा सकता है कि महिला न सिर्फ ईद की नमाज अदा कर रही है बल्कि डीएम कार्यालय के बाहर बने खंभों को गले भी लगा रही है। इससे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद जिला प्रशासन पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद एक महिला प्रशासनिक दफ्तर के अंदर कैसे पहुंची और वहां नमाज पढ़ने लगी। प्रशासन अब इस मामले में जवाबदेही तय करने की तैयारी कर रहा है।
एंट्री पॉइंट पर कैसे हुई चूक?
बताया जा रहा है कि महिला मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के बीच से निकलकर सीधे डीएम कार्यालय के परिसर में पहुंच गई। हालांकि, इस दौरान किसी भी कर्मचारी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। जब वीडियो वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस और जिला प्रशासन की नींद खुली।
प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। इस मामले में बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसे लेकर अब अधिकारियों पर गाज गिरने की संभावना जताई जा रही है।
ADM विजय शंकर तिवारी का बयान
इस पूरे मामले पर प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। एडीएम विजय शंकर तिवारी ने बताया, "सोशल मीडिया के माध्यम से हमें सूचना मिली कि एक महिला डीएम कार्यालय के बाहर नमाज अदा कर रही है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
उन्होंने यह भी कहा कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला कहां से आई और किसकी लापरवाही के कारण वह डीएम कार्यालय तक पहुंच गई।












Click it and Unblock the Notifications