Ground Report Phoenix Mall: आग पर काबू पाने के लिए JCB मंगाई गई, पूरे माल में फैले धुएं से मची अफरा तफरी
Phoenix Mall Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी में रविवार देर रात फ़ीनिक्स मॉल से अचानक धुवाँ उठते देख आस पास के लोग भी सहम गये थे। आस पास की दुकान वाले भी घबरा गये। जब तक दमकल कर्मी वहां पहुंचते पूरे माल में धुआं- धुआं ही दिखाई दे रहा था।
हालांकि फीनिक्स माल के उत्तर की और बाज़ार लगी थी जहां काफ़ी संख्या में लोग मौजूद थे। काफ़ी लोग ख़रीदारी के लिए पहुँचे थे। जैसे ही आग की अफवाह फैली लोग सीढ़ियों से भागने लगे। जिसको जहां जगह मिली वहीं से लोग माल से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।

माल में काम करने वाले एक कर्मचारी राजू (बदला हुआ नाम) ने बताया कि धुएं की वजह से लोगों को दिक्कत हो रही थी लेकिन हम लोगो को समझाने की कोशिश कर रहे थे। भगवान का शुक्र है कि किसी की मौत नहीं हुई।
यह पूछे जाने पर कि माल में सुरक्षा को लेकर क्या इंतजाम हैं, इस पर कर्मचारी ने कहा कि बस इतना समझ लीजिए कि सब राम भरोसे है। इससे ज्यादा कुछ मत पूछिए।
फीनिक्स के बगल में देर रात तक चाय की दुकान चलाने वाले निर्मल कुमार पटेल बताते हैं, "रात के क़रीब 11 बजे थे कि अचानक माल के अंदर शोर शराबा सुनाई देने लगा। लोग अंदर से बाहर की तरफ भाग रहे थे। लगभग 20 मिनट के बाद मालबो अंदर धुवाँ फैलने लगा। इतने में दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस भी मौके पर पहुंच गईं।"

इस बीच, मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां भी पहुंच गई। आनन फ़ानन में अग्निशमन विभाग के कर्मचारी यह पता लगाने की कोशिश में थे कि धुवां निकल कहां से रहा है। काफी देर बाद जाकर उनको सही लोकेशन का पता चला जिसके बाद कई घंटे की मशक़्क़त के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग का सही लोकेशन ढूंढने में समय लग गया। पूरे माल में धुवां इतना था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जिस शोरूम के यहां से धुआं निकल रहा था उसकी दीवार JCB से गिरानी पड़ी। बाद में पता चला कि शाट सर्किट की वजह से आग लगी थी।
हालांकि , सोमवार को दोपहर माल पहुंचे ज्यादातर लोग रात को हुई घटना को लेकर अनभिज्ञ दिखाई दिये। माल में खरीदारी करने आईं रंजना जायसवाल ने वनइंडिया से बातचीत में बताया कि, सुबह पता चला था की कुछ हुआ है लेकिन यहां आने पर सब सामान्य ही दिखाई दिया। लोगों की भीड़ कुछ कम जरूर है। लेकिन माल के मालिकों को सुरक्षा मानक का पूरा ख़्याल रखना चाहिए ताकि किसी भी तरह की इमरजेंसी में लोगों को नुकसान नहीं होगा।
बख्शी का तालाब के निवासी राहुल कश्यप ने बताया कि, नहीं फीनिक्स में आग लगने की जानकारी पहले से नहीं थी। यहां आने पर ही कुछ लोगों से सुना कि रात को कुछ हुआ था। भीड़ भाड़ वाली जगहों पर सतर्कता तो बरती जानी चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी लखनऊ के कई इलाकों में आये दिन होटल और दुकानों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। समय समय पर फ़ायर डिपार्टमेंट की तरफ से भी सुरक्षा को लेकर दिशा निर्देश जारी होती रहती है।












Click it and Unblock the Notifications