विरोधियों को फंसाने के लिए प्रधान ने रची थी खुद के अपहरण की साजिश, भाई ने खोला राज
ग्राम प्रधान ने भाई के साथ मिलकर चुनावी रंजिश के चलते विरोधियों को फंसाने के लिए अपहरण का झूठा स्वांग रचा था लेकिन दांव उल्टा पड़ गया।
बहराइच। दो हफ्ते से गायब दिकोलिया के ग्राम प्रधान को बौंडी पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से खोज निकाला है। इस प्रकरण में ग्राम प्रधान के भाई ने कैसरगंज के पूर्व विधायक के दो बेटों, ग्राम विकास अधिकारी समेत नौ लोगों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए बौंडी थाने में एसपी को शिकायती पत्र दिया था लेकिन बरामदगी के बाद पूछताछ के दौरान अपहरण की स्क्रिप्ट झूठी निकली। ग्राम प्रधान ने भाई के साथ मिलकर चुनावी रंजिश के चलते विरोधियों को फंसाने के लिए अपहरण का झूठा स्वांग रचा था लेकिन दांव उल्टा पड़ गया। पुलिस ने दोनों को शांतिभंग की आशंका में जेल भेज दिया है। फखरपुर विकास खंड अंतर्गत बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दिकोलिया में निरहू ग्राम प्रधान हैं। बीते 28 नवंबर को ग्राम प्रधान रहस्यमय हालात में घर से गायब हो गए।

दांव पड़ गया उल्टा
जिस पर ग्राम प्रधान के छोटे भाई बिहारी भास्कर ने बौंडी थाने में बीते तीन दिसंबर को दिकोलिया निवासी कैसरगंज के पूर्व विधायक हसीब खां के पुत्र जावेद खां व उजेर अहमद समेत कई लोगों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उसने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, डीएम, सीडीओ, डीपीआरओ, वीडीओ व सीओ से लिखित रूप से की। जिस पर बौंडी पुलिस ने गायब ग्राम प्रधान की खोज शुरू की। पुलिस ने सर्विलांस सेल का सहारा लिया। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस को ग्राम प्रधान के भाई बिहारी लाल पर शक हुआ।

चुनावी रंजिश निकालने के लिए रचा स्वांग
शक के आधार पर पुलिस ने बिहारी लाल से कड़ाई से पूछताछ की तो वो नरम पड़ गया और पूरे स्वांग से पर्दा हटा दिया। प्रभारी निरीक्षक बौंडी विद्यासागर वर्मा ने कांस्टेबल रवि प्रताप यादव, प्रभाकर चैधरी, अवध नारायण, सन्तोष यादव व रमेश यादव के साथ छापेमारी कर गायब ग्राम प्रधान राम मिलन को ग्राम पंचायत मुरौव्वा के मजरा धोबिनपुरवा के एक घर से बरामद कर लिया।

प्रधान के भाई ने पहले खोल दिया राज
ग्राम प्रधान राम मिलन व उसके भाई बिहारी ने बताया कि उन्होंने अपने विरोधियों को फंसाने के लिए अपहरण का स्वांग रचा था। एसओ विद्यासागर वर्मा ने बताया की साजिश रचने वाले ग्राम प्रधान राम मिलन भास्कर और बिहारी लाल भास्कर को शांतिभंग में जेल भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications