Ghaziabad: सोसायटी के बाहर कुत्तों ने 11 साल की बच्ची पर किया हमला, CCTV फुटेज आया सामने
राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में कुत्ते के हमले की एक और घटना सामने आई है। इस घटना में 11 साल की बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। हालांकि वहां पर मौजूद लोगों ने उसे वक्त रहते बचा लिया और जल्दी से अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उसे रेबीज का इंजेक्शन लगा दिया गया है। ये पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।

घटना गाजियाबाद के रिहायशी इलाके वैशाली में स्थित एक सोसायटी की है। वहां पर एक बच्ची खेल रही थी, तभी उस पर तीन कुत्तों ने हमला कर दिया। इसके बाद वो खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगी। तभी एक कुत्ते ने उसके पैर पर हमला करके काट लिया। बच्ची की पहचान रामप्रस्थ सोसायटी निवासी विभोर गुप्ता की बेटी भव्या गुप्ता के रूप में हुई।
घटना के वक्त गेट पर एक सुरक्षा गार्ड तैनात था, जिसकी नजर भागती हुई बच्ची पर पड़ी। उसने तुरंत कुत्तों को भगाते हुए बच्ची को बचाया। फिलहाल उसे एक निजी अस्पताल में रेबीज का टीका लगा दिया गया है। अभी हफ्ते भर पहले ग्रेटर नोएडा की एक सिसोयटी में गार्ड पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया था। उसने डंडा दिखाने पर उस शख्स का हाथ ही चबा लिया।
केरल में चार साल का बच्चा घायल
इसी तरह का मामला शुक्रवार को केरल से सामने आया था, जहां आवारा कुत्तों के एक झुंड ने चार साल के बच्चे पर हमला कर दिया, जिसमें वो बुरी तरह घायल हुआ। उस लड़के के सिर समेत पूरे शरीर पर 40 से ज्यादा घाव थे। चश्मदीदों के मुताबिक कोझिकोड में रहने वाला मोहम्मद रिजवान अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी उस पर 6 कुत्तों ने हमला कर दिया। जब तक उसके पिता उसे बचाने पहुंचे, तब तक कुत्तों ने उसके शरीर में 40 से ज्यादा घाव कर दिए थे। पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसके घाव गंभीर थे, ऐसे में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।












Click it and Unblock the Notifications