Exit poll- यूपी के महा एग्जिट पोल ने निकाली तमाम दलों के दावों की हवा
उत्तर प्रदेश के चुनाव से पहले क्या कहता है महा एग्जिट पोल, महापोल के आंकड़ें यूपी में खिला रहा फूल, सपा-बसपा दूसरे, तीसरे पायदान पर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चुनाव के नतीजे आने में अब महज कुछ घंटे ही बचे हैं, लेकिन नतीजों से पहले जो तमाम एग्जिट पोल के आंकड़े आए हैं उसने भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर दिखाया है, वहीं सपा और कांग्रेस के गठबंधन को इन एग्जिट पोल में काफी नुकसान दिखाया गया है, जबकि बसपा इन एग्जिट पोल के आंकड़ों में पूरी तरह से बिखरती नजर आ रही है। एक तरफ जहां भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल हो रहा है तो सपा-कांग्रेस गठबंधन को मुश्किल से 122 सीटें हासिल हो रही है, बसपा तीसरे पायदान पर खिसकती नजर आ रही है और उसे सिर्फ 62 सीटें ही मिल रही है।

भाजपा की सूनामी
तमाम एग्जिट पोल के आंकड़ों पर नजर डालें तो तकरीबन सभी पोल के आंकड़े भाजपा को पूर्ण बहुमत दे रहे हैं, हालांकि कुछ ऐसे पोल भी हैं जो भाजपा को पूर्ण बहुत तो नहीं दे रहे हैं लेकिन उसे सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर जरूर दिखा रहे हैं। वीएमआर-टाइम्स नाउ का एग्जिट पोल भाजपा व सहयोगी दलों को 200 सीटें, एक्सिस-इंडिया टु़डे को 265, चाणक्या-न्यूज 24 भाजपा को 282 सीटें दे रहा है।

औसत सीटें भी पूर्ण बहुमत की ओर
इन आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा की प्रदेश में लहर दिखाई देती है और यहां सपा-बसपा पूरी तरह से ढहते नजर आ रहे हैं। हालांकि सीएसडीएस के एग्जिट पोल भाजपा व सहयोगी दलों को 170, सी वोटर-इंडिया टीवी 161 और एमसीआर-इंडिया न्यूज 161 सीटें दे रही है। लेकिन इन एग्जिट पोल में भी भाजपा को प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर दिखाया गया हैष वहीं तमाम एग्जिट पोल के औसत पर नजर डालें तो भाजपा को औसतन 211 सीटें हासिल हो रही है।

डूबा कांग्रेस-सपा गठबंधन
यूपी में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के गठबंधन के बाद माना जा रहा था कि मुस्लिम वोटों का इस गठबंधन को फायदा होगा, लेकिन एग्जिट पोल के आंकड़े इससे बिल्कुल अलग हैं। एक तरफ जहां चाणक्या-न्यूज 24 का एग्जिट पोल सपा-कांग्रेस को 88 सीटें दे रहा है तो एक्सिस-इंडिया टुडे- 100, एमसीआर-इंडिया न्यूज 120, वीएमआर-टाइम्स नाउ 120 सीटें दे रही है जोकि पूर्ण बहुमत के 202 के आंकड़े से काफी दूर है। हालांकि सीएसडीएस-एबीपी का सर्वे इस गठबंधन को 163, सीवोटर-इंडिया टीवी 141 सीटें दे रहा है, लेकिन इसके बाद भी यह पूर्ण बहुमत के आंकड़े से काफी दूर है। वहीं तमाम एग्जिट पोल के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस गठबंधन को औसतन सिर्फ 122 सीटें ही हासिल हो रही है।

मायावती की मुश्किलें बढ़ी
एग्जिट पोल के आंकड़ों के हिसाब से प्रदेश में सबसे ज्यादा नुकसान बहुजन समाज पार्टी को हो रहा है। चाणक्य-न्यूज 24 का एग्जिट पोल बसपा को सिर्फ 27 सीटें दे रहा है जबकि एक्सिस-इंडिया टुडे 35, सीएसडीएस-एबीपी न्यूज 66, वीएमआर-टाइम्स नाउ 65 सीटें दे रहा है। हालांकि एमसीआर-इंडिया न्यूज का एग्जिट पोल बसपा को 90 सीटें, सी वोटर-इंडिया टीवी 87 सीटें बसपा को दे रहा है, जबकि तमाम आंकड़ों के इतर औसत सीटों पर नजर डालें तो बसपा को औसतन 62 सीटें हासिल हो रही। इस लिहाज से बसपा के पास या तो विपक्ष में बैठने का विकल्प है या फिर किसी दल के साथ गठबंधन का।












Click it and Unblock the Notifications