वीजा की तारीख में फेरबदल करने पर जर्मन नागरिक पर धोखाधड़ी का केस
सोनभद्र। यूपी के राबर्ट्सगंज स्टेशन पर सेक्शन इंजीनियर से मारपीट मामले में दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज होने के बाद एलआईयू ने मामले की जांच की। इसमें जर्मन नागरिक होल्गर इरिक पुत्र विल्ली के खिलाफ राबर्ट्सगंज कोतवाली में सोमवार को धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह के निर्देश पर की गई है। पुलिस अधीक्षक ने एलआइयू को जर्मन नागरिक की जांच का निर्देश दिया था।

सेक्शन इंजीनियर ने थी विदेशी की पिटाई
शनिवार को सोनभद्र के राबर्टसगंज रेलवे स्टेशन पर जर्मनी के बर्लिन निवासी पर्यटक होल्गर एरिक मिस (47) की बिहार के मुंगेर जिला निवासी रेलवे के सेक्शन इंजीनियर अमन कुमार से मारपीट हो गयी। होल्गर एरिक मिस है कि अमन कुमार के मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी। जब उसे दूर हटने के लिए कहा गया तो वह हमारे कंधे पर जोरदार वार कर दिया। इससे आक्रोशित होकर जर्मन पर्यटक ने भी अमन कुमार से हाथापायी की। अमन ने आरोप लगाया कि विदेशी का वेलकम करने पर मुक्का मारा और थूका।

मिर्जापुर स्टेशन पर दरोगा से हुआ विवाद
चोपन चौकी प्रभारी हरिकेश आजाद मारपीट के मुकदमे की कार्रवाई के लिए विदेशी नागरिक और सेक्शन इंजीनियर को जीआरपी थाना मिर्ज़ापुर लेकर आ रहे थे। रात 9 बजे मिर्ज़ापुर स्टेशन के बाहर जीआरपी प्रभारी चोपन हरिकेश आजाद से उसकी मारपीट हो गई। दरोगा का कहना है कि वह हमला कर भाग रहा था। उसे पकड़ा गया।

वीजा की तारीख में फेरबदल का मामला
विवाद बढ़ने पर सीओ रेलवे ने जांच के लिए जर्मन नागरिक को सोनभद्र भेज कर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र आरपी सिंह ने जर्मन नागरिक की एलआइयू से जांच का निर्देश दिया। एसपी के मुताबिक, जांच में प्रथमदृष्टया पता चला कि उसके पास जो वीजा है वह संदेहास्पद है। वीजा की तारीखो में फेरबदल किया गया है। जांच के आधार पर उसके खिलाफ राबर्ट्सगंज कोतवाली में धारा 14(1) विदेशी अधिनियम व आईपीसी की धारा 419 व 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications