गजेंद्र भाटी मर्डर केस: पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने किया सरेंडर
नई दिल्ली। गाजियाबाद के पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। बीजेपी नेता गजेंद्र भाटी की हत्या के मामले में उनकी तलाश पुलिस कई दिन से कर रही थी। पूर्व विधायक ने एसीजेएम-2 कोर्ट में सरेंडर किया। बता दें कि 2 सितंबर को गाजियाबाद के खोड़ा में बीजेपी नेता गजेंद्र भाटी और प्रदीप चौहान पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें गजेंद्र भाटी की मौत हो गई थी। पूरे मामले की जांच में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा आरोपी थे, पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी, आखिरकार पूर्व विधायक ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

पूर्व विधायक की कई दिनों से थी तलाश
गजेंद्र भाटी की हत्या के मामले में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा के खिलाफ साजिश रचने, हत्या और हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया था। इस हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने जल्द ही खुलासा करते हुए बताया कि पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने ही गजेंद्र भाटी की हत्या कराई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले का खुलासा सीसीटीवी की मदद से हुआ है।
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि गजेंद्र भाटी हत्याकांड के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी। इस वारदात को खुद पूर्व विधायक के पीएसओ नरेंद्र फौजी ने अंजाम दिया था, जो पुलिस गिरफ्त में है। गिरफ्तार नरेंद्र फौजी ने बताया था कि गजेंद्र भाटी की हत्या अमरपाल शर्मा ने राजनीतिक रंजिश के कारण कराई थी। इससे पहले भी वो अमरपाल के कहने पर एक और हत्या कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications