SP प्रमुख अखिलेश यादव कोरोना पॉजिटिव, खुद को किया आइसोलेट, Twitter पर दी जानकारी
लखनऊ 14 अप्रैल। देश में कोरोना वायरस के दूसरी लहर का प्रकोप जारी है, बढ़ते मरीजों की संख्या ने प्रशासन की पेशानी पर बल डाल दिया है तो वहीं भारत के कई राज्यों में कोरोना के चलते नाईट कर्फ्यू और वीकेंड लाकडाउन लगा दिया गया है। आम से लेकर कई खास लोग इस महामारी की चपेट में हैं। यूपी के पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं, उन्होंने खुद ट्वीट करके ये जानकारी लोगों को दी है।

Recommended Video
उन्होंने Twitter पर लिखा है कि 'अभी-अभी मेरी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने अपने आपको सबसे अलग कर लिया है और घर पर ही उपचार शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आये हैं, उन सबसे विनम्र आग्रह है कि वो भी जांच करा लें। उन सभी से कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहने की विनती भी है।'

सीएम योगी आदित्यनाथ भी आइसोलेशन में हैं
मालूम हो कि इससे पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी खुद को आइसोलेट किया है, क्योंकि सीएमओ कार्यालय के कई अधिकारी भी कोरोना संक्रमित निकले थे। उन्होंने भी ट्वीट करके ये जानकारी लोगों को दी थी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था कि ' मेरे कार्यालय के कुछ अधिकारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। यह अधिकारी मेरे संपर्क में रहे हैं, इसलिए मैंने एहतियातन खुद को आइसोलेट कर लिया है और सभी कार्य वर्चुअली शुरू कर रहा हूं।'

कोरोना की स्थिति काफी चिंताजनक
देश में कोरोना की स्थिति काफी भयावह हो गई है। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के अब तक 1,84,372 नए केस सामने आए हैं, नए केसों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,38,73,825 हो गई है तो वहीं 24 घंटे के अंदर कोरोना 1,027 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद मौत का आंकड़ा 1,72,085 पहुंच गया है, तो वहीं देश में अब तक 11,11,79,578 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है।

यूपी में भी कोरोना विस्फोट
यूपी में भी कोरोना कि स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। बीते 24 घंटों में यहां 18000 केस सामने आए हैं, जिसमें से केवल 5300 केस राजधानी लखनऊ से आए हैं। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर, आगरा में ओपीडी सेवाओं को बंद कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications