रील्स के शौक ने 5 दोस्तों को बना दिया लुटेरा! कैमरे के लिए रची हैरतअंगेज साजिश, फिर कैमरे ने ही खोला राज
रील बनाने और सोशल मीडिया पर फेमस होने का भूत युवाओं के सर इस कदर चढ़कर बोल रहा है कि वे अब अपराध के दलदल में फंसते जा रहे हैं। यूपी के चंदौली में एक नाबालिग समेत 5 दोस्तों ने बेहद ही शातिराना तरीके से एक लूट को अंजाम दिया, जिसमे उन्होंने रील बनाने के लिए एक फोटो स्टूडियो संचालक से फोटो शूट कराने के बहाने उसका डीएसएलआर कैमरा लूट लिया।
दरअसल, चंदौली एसपी डा. अनिल कुमार ने जिले में अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ़्तारी के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में दो दिन पहले धानापुर थाना क्षेत्र के रायपुर पुलिया के पास हुई लूट की घटना का पर्दाफाश करने के लिए सकलडीहा क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में थानाध्यक्ष धानापुर प्रशान्त कुमार सिंह को लगाया गया था।

जिसके बाद पुलिस टीम ने सबसे पहले मार्केट और प्रमुख रास्तों पर लगाए गए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इन्ही में से एक सीसीटीवी में लूट की घटना में शामिल संदिग्ध बाइक पर सवार नाबालिग और धानापुर निवासी अजय नजर आए। जिसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो लूट का हैरान कर देने वाला खुलासा हो गया।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सिहावल ग्राम निवासी संदीप यादव, सकलडीहा निवासी अभिमन्यु सिंह उर्फ श्वेत सिंह और धरहरा निवासी शिवम चौबे उर्फ हण्टर के साथ कैमरा लूटने का प्लान बनाया था। उन्होंने बताया कि वो रील्स बनाते हैं, जिसके लिए उन्हें महंगे और अच्छे कैमरे की जरूरत थी। तभी उन्हें आईडिया आया कि ऐसा कैमरा तो किसी प्रोफेशनल फोटोग्राफर के पास ही मिलेगा।
जिसके बाद उन्होंने धानापुर कस्बा स्थित डीके मोबाईल को फोन करके फोटो शूट कराने की बात कही। उन्होंने ग्राहक बनाकर फोटोग्राफर से पैसे और लोकेशन की बात भी तय कर ली। फोटोग्राफर ने भी तय समय पर एक सहायक को कैमरे समेत फोटोशूट करने के लिए भेज दिया। फिर दो आरोपी उसे अपने साथ धानापुर चहनिया मार्ग पर ले गए।
उधर, प्लान के तहत इन दोनों के 3 अन्य साथी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर तमंचे के साथ तैयार खड़े थे। वहीं फोटोग्राफर के साथ मौजूद दोनों साथी इन तीनों को लगातार लोकेशन भी शेयर कर रहे थे। इसी बीच फोटोग्राफर के साथ मौजूद आरोपी अजय ने शौच के बहाने से बाइक रुकवाई और रोड के दूसरी तरफ चला गया।
प्लान के तहत तभी बाइक सवार तीनों साथी वहां पहुंचे और असलाह के बल पर उन्होंने फोटोग्राफर से कैमरे वाला बैग छीना और रफूचक्कर हो गए। इस दौरान उन्होंने फोटोग्राफर के साथ मारपीट भी की। फिलहाल घटना में शामिल नाबालिग समेत अजय और संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार आरोपी शिवम् उर्फ़ हंटर और अभिमन्यु सिंह उर्फ श्वेत सिंह की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी अभिमन्यु का पूर्व में भी अपराधी इतिहास रहा है।












Click it and Unblock the Notifications