निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच कद्दावर सपा नेता के पिता की निर्दयता से हत्या
इलाहाबाद। नगर निकाय चुनाव की राजनैतिक सरगर्मी के बीच कौशांबी में बड़ी वारदात हुई है। इलाके के कद्दावर सपा नेता बनवारी लाल यादव के पिता की निर्दयता से हत्या कर दी गई है। घटना के बाद सपा नेताओं का गांव में जमावड़ा रहा और कानून व्यवस्था को लेकर सपाइयों ने जमकर नारेबाजी की। सपा प्रत्याशी से लेकर जिले के आला पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुये कार्रवाई की मांग की तो वहीं मुद्दे को राजनैतिक रूप भी दिया जाने लगा है। बता दें कि वारदात रात में उस समय हुई जब बनवारी के पिता नलकूप के कमरे में सो रहे थे। उनका गला किसी धारदार हथियार से रेत दिया गया है। कोई बवाल न हो इसके लिये पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया।

कैसे हुई घटना
कौशांबी के मंझनपुर इलाके में बनवारी लाल यादव बड़े सपा नेताओं में गिने जाते हैं। इनके पिता श्रीराम यादव (75) पैतृक गांव चक थामा में रहते हैं। रात में वह नलकूप के कमरे में सो रहे थे। रात में हमलावरों ने कुल्हाड़ी से काटकर उनकी हत्या कर दी गई। सुबह खून से लथपथ लाश ग्रामीणों ने देखी तो हड़कंप मचा, आनन-फानन में सीओ सिटी, फिंगर प्रिंट जांच टीम, डॉग स्क्वायड और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।

आरोपी घर छोड़कर हुए फरार
हंगामा बढ़ते ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया लेकिन सपा नेताओ की बढ़ती भीड़ ने माहौल गर्म कर दिया और नारेबाजी होने लगी। मामले में राजेन्द्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही नर्वदा प्रसाद समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस धरपकड़ के लिये दबिश दे रही है।

क्या कह रही पुलिस
मामले में मंझनपुर कोतवाली प्रभारी धनंजय वर्मा ने बताया कि नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में भी पूछताछ की गई है। काफी चीजें पता चली हैं। पुरानी रंजिश में वृद्ध की हत्या की गई है, जांच में सारी बातें स्पष्ट हो जायेंगी।












Click it and Unblock the Notifications