परिवार को बंधक बनाकर 'पुलिस' के गैंग ने की पांच लाख की डकैती
बरेली में बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक लूटपाट की और पांच लाख रुपए की डकैती डालकर फरार हो गए।
बरेली।सी.बी.गंज थाना क्षेत्र में बदमाश नकली पुलिस वाले बनकर एक घर में घुस गये फिर बंदूक की नोक पर पूरे परिवार को बंधक लिया और जमकर लूटपाट की। ये मामला यहां के सी.बी. गंज थाने के इलाके में आने वाले गांव खना गौटिया का है।जहां बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक लूटपाट की और पांच लाख रुपए का माल लूटकर फरार हो गए । परिवार के लोगों ने घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है ।

मिली जानकारी के अनुसार खना गौटिया निवासी शेर मोहम्मद राजमिस्त्री है और उनका बेटा परचून की दुकान चलाता है। शेर मोहम्मद ने बताया कि रात में कुछ लोग उनके घर में यह कहकर घुस आये कि वह पुलिस वाले हैं । घर का दरवाजा खुलते ही चार बदमाशों ने परिवार के लोगों को गन पॉइंट पर ले लिया और धमकी दी अगर किसी ने शोर मचाया तो उसे गोली मार देंगे।बदमाशों ने घर में रखे 60 हजार रुपए नकद और करीब 4 लाख 50हजार रुपये की कीमत का सोना लूटकर भाग गये। बदमाशों ने परिवार के लोगों से हाथापाई भी की।

इस घटना से परिवार के लोग दहशत में है। खबर की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पुलिस के आलाधिकारी पहुंचे और पीड़ित परिवार से बात की। पुलिस ने परिवार को विश्वास दिलाया है कि जल्द ही लूट का खुलासा कर दिया जायेगा। इस गांव में पहले भी लूट की वारदात हुयी थी जिसमें बदमाशों का विरोध करने पर एक शख्स को बदमाशों ने मार दिया था ।












Click it and Unblock the Notifications