'सीएम योगी सरकार में पुलिस उत्पीड़न के कारण यह मकान बिकाऊ है'
मुरादाबाद में एक परिवार ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है और घर के दरवाजे पर यह लिख दिया है कि पुलिस उत्पीड़न की वजह से मकान बिकाऊ है।
मुरादाबाद। यूपी के मुरादाबाद में एक परिवार ने पुलिस उत्पीड़न से तंग आकर अपने घर पर लिख दिया है कि ये मकान बिकाऊ है। परिवार ने संपत्ति विवाद में पुलिस उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। साथ ही सीएम योगी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग भी की है।

वहीं, थाना इंचार्ज का इस मामले पर कहना है कि ये सब नौटंकी है। यह मामला मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र का है। यहां के रहने वाले राम सिंह भुईयार के परिवार ने पुलिस उत्पीड़न से तंग आकर घर बेचने का फैसला कर लिया है।
राम सिंह ने अपने घर के दरवाजे पर लिखा है कि, 'माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की सरकार में पुलिस उत्पीड़न के कारण यह मकान बिकाऊ है।'' जानकारी के मुताबिक, रामसिंह के परिवार में आपस में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके तहत राम सिंह के बेटे और महिलाओं सहित पांच को नामजद किया गया था।

दूसरे पक्ष से दो लोग नामजद थे, उन्होंने अपनी जमानत करा ली है। लेकिन राम सिंह के परिवार ने 3 लोगों को जमानत नहीं कराई है। इसलिए पुलिस इनके यहां दबिश दे रही है। जब पूरा मामला एसएसपी मनोज तिवारी के संज्ञान में आया तो कांठ थाना इंचार्ज राजवीर को तलब कर लिया गया। राजवीर सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों में झगड़ा हुआ था। दूसरे पक्ष ने अपनी जमानत करा ली है। इनकी तरफ से महिलाओं की जमानत हो चुकी है, लेकिन 3 लोगों ने जमानत नहीं कराई थी। इसी बात को लेकर पुलिस परिवार को बार-बार यही कह रही थी कि आप बाकी लोगों की जमानत करा लो। लेकिन यह झूठा आरोप लगा रहे हैं। ये घर के दरवाजे पर मकान बिकाऊ लिख कर नोटंकी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications