यूपी में भाजपा का फर्जी प्रदेश अध्यक्ष हुआ गिरफ्तार
पकड़े गए युवक ने लोगों को धोखा देने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ सपोर्टर शब्द जोड़ रखा था। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जनपद की चन्दौसी कोतवाली पुलिस ने बीजेपी के फर्जी प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस हिरासत में लिया गया बीजेपी का फर्जी प्रदेश अध्यक्ष अपनी लग्जरी कार पर 'प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी' की प्लेट और हूटर लगा कर घूम रहा था।

हिरासत में लिए गए युवक ने पुलिस और पब्लिक को चकमा देने के लिए अपनी लग्जरी कार की प्लेट पर काफी बड़े शब्दों में प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी के साथ सपोर्टर लिखवा रखा था। पुलिस ने फर्जी प्रदेश अध्यक्ष की लग्जरी कार को भी सीज कर दिया है। खुद को बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बताने बाले युवक के सन्दर्भ में सी ओ चन्दौसी ने पार्टी के बड़े पदाधिकारियों से जानकारी की तो उन्होंने युवक के फर्जी होने की पुष्टि की।
संभल के चन्दौसी कोतवाली इलाके में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लिखी नेमप्लेट और हूटर लगी ब्लैक कार के घूमने की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तेजी दिखाते हुए कार की तलाश की तो कार में सवार व्यक्ति फर्जी प्रदेश अध्यक्ष निकला। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कार में सवार फर्जी प्रदेश अध्यक्ष को दबोच लिया और पूछताछ शुरू कर ही रहे थे कि वह भीड़ को चकमा दे कार को लॉक कर फरार हो गया।
बीजेपी के फर्जी प्रदेश अध्यक्ष के साथ हंगामे की सूचना पर चन्दौसी कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए देर शाम फर्जी प्रदेश अध्यक्ष को पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक बदायूं जनपद के बिल्सी का प्रतीक माहेश्वरी है। बीजेपी कार्यकर्ता कौशल किशोर ने फर्जी प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए चन्दौसी कोतवाली में तहरीर दी है।












Click it and Unblock the Notifications