झुलसा देने वाली गर्मी के बीच UP में हांफ रही बिजली व्यवस्थाएं, अधिकारियों ने दी Save Electricity की सलाह
UP Electricity News: उत्तर प्रदेश में इन दिनों शरीर को झुलसा देने वाली भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के चलते प्रदेश की बिजली व्यवस्थाएं भी हांफ गई है और बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया है। बिजली कटौती के कारण लोगों का न दिन में चैन है और न रात में।
दरअसल, गर्मी में पंखा, कूलर फ्रीज और एयर कंडीशनर (AC) आदि से बिजली घरों पर लोड काफी बढ़ गया है। इससे कही-कही बिजली संकट उत्पन्न हो गया है। तो कही बिजली संकट उत्पन्न होने के आसार नजर आने लगे हैं। वहीं, बढ़ते लोड के कारण होने वाले फाल्ट और ट्रांसफार्मर फुंकने की संख्या में इजाफा हो गया है।

जिसके चलते न केवल देहात बल्कि शहरी क्षेत्र में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगरा जिले में बिजली के बढ़ते लोड को देखते हुए प्रबंध निदेशक अमित किशोर ने 22 जून तक सभी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। साथ ही, उपभोक्ताओं को बिजली बचाने की सलाह दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगरा, मथुरा, मैनपुरी सहित 21 जिलों में बिजली की खपत रात 9 से 12 बजे तक 6,000 मेगा वॉट तक दर्ज की गई है। बिजली की खपत बढ़ने के कारण रोस्टर प्रभावित हो रहा है। जहां 24 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, वहां 17 से 20 घंटे आपूर्ति हो रही है।
वहीं, बिजली कटौती की समस्या के चलते प्रदेश भर के उद्योग-धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में बिजली विभाग ने आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए डीवीवीएनएल में अलर्ट घोषित है। सभी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं।
प्रबंध निदेशक अमित किशोर ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए बिजली बचाने की सलाह दी है। बिजली के अनियंत्रित रूप से इस्तेमाल पर रोक लगाने और चोरी रोकने के लिए ड्रोन से लेकर रात्रि पेट्रोलिंग टीमें लगाई हैं। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ औद्योगिक इकाइयां प्रभावित न हों इसके लिए सभी प्रकार के शटडाउन लेने पर भी रोक है।
इतना ही नहीं, सरकारी ऑफिसों में बिजली की बर्बादी रोकने के लिए सभी जिलों के डीएम को पत्र भेजा गया हैं। गर्मी में किसी भी तरह के बिजली संकट से निपटने के लिए दक्षिणांचल ने स्टोर व वर्कशॉप में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। दस हजार से अधिक विभिन्न क्षमता के ट्रांसफार्मर रिजर्व में रखे हैं। इनके अलावा केबल व अन्य सामान उपलब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications