'सड़क पर पढ़ी नमाज तो रद्द होगा पासपोर्ट', ईद से पहले मेरठ पुलिस का फरमान, भड़के जयंत चौधरी!
Meerut Police Orders for Eid: ईद से ठीक पहले मेरठ पुलिस ने सड़कों पर नमाज अदा करने को लेकर कड़ा फरमान जारी किया है। मेरठ पुलिस ने ईद के मौके पर सड़कों पर नमाज अदा करने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
मेरठ पुलिस ने आदेश जारी करते हुए यह साफ किया है कि जो भी इन नियमों का उलंघन करेगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के पासपोर्ट रद्द करने की चेतावनी दी है। मेरठ पुलिस के इस आदेश के बाद केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने पुलिस की जमकर आलोचना की है।

पुलिस के आदेश पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की प्रतिक्रिया
मेरठ पुलिस के इस फैसले की केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सड़कों को खाली रखने के लिए संवेदनशील तरीके से समुदाय से बातचीत करनी चाहिए, लेकिन पासपोर्ट रद्द करने की बात कहना सही नहीं है। जयंत चौधरी ने पुलिस की कार्रवाई की तुलना जॉर्ज ऑरवेल की किताब 1984 की सख्त पुलिसिंग से भी की।
ये भी पढ़ें: क्या है BJP का 'सौगात-ए-मोदी' अभियान? ईद पर 32 लाख मुस्लिमों को मिलेगा सीधा फायदा
जयंत चौधरी ने एक्स पर लिखा,'ऑरवेलियन 1984 की ओर पुलिसिंग!' अपने पोस्ट के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरा मतलब है, पुलिस को ये नहीं कहना चाहिए कि हम पासपोर्ट ले लेंगे। प्रशासन सड़कों को खाली रखने की बात कर सकता है, लेकिन इसके लिए संवेदनशीलता के साथ समुदाय के लोगों से संवाद करना चाहिए।'
सड़क पर नमाज अदा करने पर होगी कार्रवाई
मेरठ पुलिस ने आदेश में कहा कि अगर कोई व्यक्ति सड़क पर नमाज पढ़ता पाया गया तो उसके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। साथ ही, उसका पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।
पिछले साल हुई थी कार्रवाई
SP सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पिछले साल भी कुछ लोगों ने सड़कों पर नमाज अदा की थी, जिसके कारण 200 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे और 80 से अधिक लोगों को चिन्हित किया गया था। इस बार भी पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।
ड्रोन और CCTV से की जाएगी निगरानी
संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और CCTV कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी, ताकि कोई अफवाह न फैलाई जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर आरोपी का पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा और नए पासपोर्ट के लिए कोर्ट से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना जरूरी होगा।
धर्मगुरुओं से की गई अपील
पुलिस ने सभी धर्मगुरुओं और इमामों से अनुरोध किया है कि लोग मस्जिदों और ईदगाहों में ही नमाज अदा करें। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है।
ये भी पढ़ें: 'कश्मीर से कन्याकुमारी तक महत्वपूर्ण', ईद से पहले मुसलमानों के लिए BJP की 'सौगात-ए-मोदी', क्यों है ये खास?












Click it and Unblock the Notifications