दिल्ली-अयोध्या बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने पकड़ी 'रफ्तार', 2 घंटे में तय होगी 650KM की दूरी
नई दिल्ली, 23 अगस्त: पिछले साल सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या आकार भव्य राम मंदिर की आधारशिला रखी थी। उसके बाद से तेजी से मंदिर निर्माण का कार्य जारी है। सरकार चाहती है कि मंदिर निर्माण पूरा होने के साथ अयोध्या में स्मार्ट सिटी वाली सभी सुविधाएं मौजूद हों, जिससे श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत ना आए। इसके लिए श्रीराम एयरपोर्ट का काम तो चल ही रहा है। साथ ही अब बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने भी रफ्तार पकड़ ली है।

हवाई सर्वेक्षण किया
अभी शुरुआत में राजधानी दिल्ली को बुलेट ट्रेन के जरिए अयोध्या से जोड़ना है। जिससे दोनों शहरों के बीच 650 किलीमीटर की दूरी 2 घंटे में तय की जा सके। इस प्रोजेक्ट पर सरकार ने तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) की एक टीम हाल में अयोध्या गई थी, जहां पर जमीन अधिग्रहण को लेकर बैठक हुई। साथ ही दिल्ली से अयोध्या रूट का हवाई सर्वेक्षण भी हुआ है।

कहां बनेगा स्टेशन?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अयोध्या में बन रहे एयरपोर्ट के पास ही बुलेट ट्रेन का स्टेशन बनेगा। जिसके लिए NHSRCL को जमीन राज्य सरकार की ओर से दी जाएगी। ये जमीन वहीं पर रहेगी, जिस जगह को NHSRCL अधिकारी चिह्नित करेंगे। वैसे अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिकारी चाहते हैं कि ये स्टेशन लखनऊ-गोरखपुर हाईवे के आसपास ही हो, ताकि यात्रियों को रामजन्मभूमि तक पहुंचने में सुविधा रहे। इसके लिए राज्य के सभी विभागों से संपर्क किया गया है, जिनसे एनओसी मिलने का इंतजार है। जैसे ही एनओसी मिलती है, वैसे ही काम शुरू कर दिया जाएगा।

लखनऊ से अयोध्या का अलग ट्रैक
बुलेट ट्रेन की रफ्तार 350 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहेगी। ऐसे में दिल्ली से अयोध्या का सफर दो घंटे में होगा। साथ ही लखनऊ और अयोध्या के बीच में अलग रेलवे ट्रैक बनाया जाएगा। पिछले महीने दिल्ली से वाराणसी बुलेट ट्रेन चलाने के लिए नोएडा में एक बैठक हुई थी। जिसमें अधिकारियों ने बताया था कि परियोजना के लिए 160.81 हेक्टेयर भूमि की जरूरत है। इसमें करीब 60 हेक्टेयर किसान देंगे, बाकि की जमीन सरकार से ली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications