कमरे में CRPF जवान का फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला शव
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सीआरपीएफ के जवान का शव कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला है। जवान का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जवान ने आत्महत्या क्यों की इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना सुल्तानपुर के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की है। कपिल (32) सीआरपीएफ अमेठी जिले के त्रिसुंडी सीआरपीएफ केन्द्र पर बिगुलर पद पर तैनात था। नगर के शास्त्रीनगर इलाके में वह अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ किराये के मकान में रहता था। परिजनों के मुताबिक, 25 जून को कपिल परिवार के साथ जौनपुर जिले में स्थित अपने ससुराल किसी आयोजन में गया था। अगले दिन वह परिवार को ससुराल में छोड़कर लौट आया।
बुधवार को वह ड्यूटी पर गया था और रोज की तरह वापस आया था। गुरुवार को जब वह ड्यूटी पर नहीं गया तो उसके अधिकारियों ने कपिल की पड़ताल शुरू की। उसको कई बार फोन भी किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कपिल का पता लगाने के लिए दो जवानों को उसके कमरे भेजा गया। जवान जब कमरे पर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला, आवाज देने पर भी जब कमरा नहीं खुला तब जवानों ने नगर कोतवाली को खबर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो जवान कपिल का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस की मानें तो शव को पोस्टमॉर्ट के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications