एनकाउंटर: बुलंदशहर पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ 50 हजार का इनामी कलवा
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश अमित उर्फ कलवा को ढेर कर दिया। हालांकि मुठभेड़ के दौरान उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकार भागने में कामयाब रहा। फिलहाल फरार बदमाश की तलाश जारी है। पुलिस ने मारे गए बदमाश के पास से स्विफ्ट कार, पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए हैं।

सिकन्द्राबाद पुलिस से हुई मुठभेड़
सिकन्द्राबाद पुलिस रविवार की रात को सिरोधन रोड़ पर बैरियर लगाकर चैकिंग कर रही थी। चैकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा पुलिस ने किया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस बैरियर को उड़ा दिया और भागने लगे। बदमाशों को भागते देख पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों की तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई।

एक घंटे तक हुई फायरिंग
एक घंटे तक चली फायरिंग में 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश अमित उर्फ कलवा पुलिस की गोली लगने से ढेर हो गया। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।

3 मार्च को हुआ था इनामी
एसएसपी मुनिराज ने बताया कि 24 जनवरी को सिकन्द्राबाद के प्राणगढ़ में पालिका ठेकेदार की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। 1 मार्च को पुलिस खुलासे में मृतक ठेकेदार की पत्नी से अमित के अवैध संबंध बताए गए थे। पुलिस इस हत्या में मृतक ठेकेदार की पत्नी सहित 3 लोगों को पहले ही जेल भेज चुकी है। जबकि हत्या के मुख्य आरोपी अमित उर्फ कलवा पुलिस की पकड़ से दूर था, जिसपर 3 मार्च को पुलिस महानिरिक्षक मेरठ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार के इनाम की घोषणा की गई थी। वहीं सोमवार की सुबह पुलिस ने अमित उर्फ कलवा को ढेर कर दिया है। पुलिस ने इनामी के कब्जे से मृतक ठेकेदार का लाइसेंसी रिवाल्वर और एक देसी पिस्टल भी बरामद की है।












Click it and Unblock the Notifications