मेडिकल कॉलेज में मचा था कोहराम, कौन डलवा रहा था स्वागत में चूना? कांग्रेस ने उठाए सवाल, डिप्टी CM पाठक भी भड़के
Jhansi Hospital Fire: उत्तर प्रदेश के झांसी में शुक्रवार देर रात महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के न्यूट्रीशनल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) वॉर्ड में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। हालांकि हादसे के बाद प्रशासन ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के स्वागत में झांसी की सड़कों पर सफाई करने और चूना डालने का विवाद भी उत्पन्न कर दिया है। कांग्रेस समेत सोशल मीडिया की जनता यूपी सरकार पर हमलावर है। उनका कहना है कि सरकार संवेदनहीन हो गई है।
कौन डाल रहा था चूना? होगी कार्रवाई
इधर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने इस कृत्य पर नाराजगी जताई और ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। उन्होंने जिला प्रशासन को आदेश दिए हैं कि उन लोगों की पहचान की जाए, जिन्होंने सड़क पर चूना डाला था, और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

भयानक हादसा, चारो तरफ चीख
झांसी मेडिकल कॉलेज के NICU में आग रात 10:32 बजे लगी, जिसके बाद पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। आग के कारण 10 मासूम बच्चों की जलकर मौत हो गई, जबकि दमकल कर्मियों और जिला प्रशासन के प्रयासों से 37 बच्चों की जान बचाई जा सकी।
उस समय करीब 50 नवजात बच्चे भर्ती थे। आग की लपटें तेज होते ही धुएं का गुबार चारों ओर फैल गया, जिससे भर्ती बच्चों के परिजन घबराकर उन्हें गोद में उठाकर बाहर भागने लगे। इस बीच बिजली भी कट गई थी और अस्पताल में अंधेरा छा गया। आग की सूचना मिलने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और जिला प्रशासन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने खिड़की का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 37 बच्चों की जान बचाई। इस दुखद घटना के बाद लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।
सीएम योगी ने व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और मृतक बच्चों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। गंभीर रूप से घायल बच्चों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम की सक्रियता
सीएम योगी आदित्यनाथ की तत्परता से घटना के बाद स्थिति को जल्द काबू किया गया। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने शनिवार सुबह झांसी पहुंचकर अस्पताल का दौरा किया और जांच के आदेश दिए। उन्होंने रेस्क्यू किए गए बच्चों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।
इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाया जाए।
यह भी पढ़ें नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की यात्रा पर PM नरेंद्र मोदी, जानिए क्यों खास है दौरा












Click it and Unblock the Notifications