नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की यात्रा पर PM नरेंद्र मोदी, जानिए क्यों खास है दौरा
PM Narendra Modi Nigeria Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। इस यात्रा का उद्देश्य तीनों देशों के साथ भारत के रिश्तों को और मजबूत करना है। यात्रा से पूर्व पीएम मोदी ने अपने बयान में कहा कि नाइजीरिया की यात्रा राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के निमंत्रण पर हो रही है, और यह उनकी पहली यात्रा होगी। वहीं, ब्राजील में वे जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और गुयाना में 50 वर्षों में भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी।
नाइजीरिया यात्रा: 17 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी 16-17 नवंबर को नाइजीरिया के दौरे पर रहेंगे। उनकी नाइजीरिया यात्रा भारत और नाइजीरिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह यात्रा 17 साल के अंतराल के बाद हो रही है, इससे पहले 2007 में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नाइजीरिया का दौरा किया था।

नाइजीरिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत राष्ट्रपति विला में किया जाएगा, और वे राष्ट्रपति टीनूबू के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें दोनों देशों के संबंधों और उनके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।
ब्राजील में जी-20 शिखर सम्मेलन: मोदी की कई महत्वपूर्ण मुलाकातें
नाइजीरिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी 19 नवंबर को ब्राजील पहुंचेंगे, जहां वे 19वें जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से भी मुलाकात की संभावना है। ब्राजील में मोदी और जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय मुलाकात हो सकती है, जो रूस में हुई ब्रिक्स बैठक के एक महीने बाद होगी।
1968 के बाद पहली बार गुयाना पहुंचेंगे भारतीय पीएम
प्रधानमंत्री मोदी की गुयाना यात्रा 1968 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफ़ान अली से मिलेंगे और दोनों देशों के बीच रिश्तों को नई दिशा देने पर चर्चा करेंगे। वे गुयाना में भारतीय समुदाय के योगदान को भी सलाम करेंगे, क्योंकि यहाँ 185 साल पहले भारतीय प्रवासी आए थे।
जानिए, पीएम मोदी की विदेश यात्रा का कूटनीतिक महत्व
इस यात्रा से भारत और तीनों देशों के बीच आर्थिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत के अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक नेटवर्क को और भी सुदृढ़ करेगी।प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत के वैश्विक नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
यह भी पढ़ें 'अब समय बदल गया है, आतंकवादी अपने घरों में भी डरते हैं', PM मोदी ने आतंकवाद पर विपक्ष को घेरा












Click it and Unblock the Notifications