कांग्रेस ने चार उम्मीवदारों की लिस्ट की जारी, कल्याणपुर सीट से नेहा को दिया टिकट
कांग्रेस ने चार उम्मीवदारों की लिस्ट की जारी, कल्याणपुर सीट से नेहा को दिया टिकट
लखनऊ, 01 फरवरी: कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार 01 फरवरी को एक और लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में कल्याणपुर सीट से खुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी की जगह उनकी बेटी नेहा तिवारी को टिकट दिया है। वहीं, पीलीभीत, शाहाबाद, तिंदवारी विधानसभा सीट से भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है।

कांग्रेस पार्टी ने पीलीभीत से शकील अहमद नूरी को, शाहाबाद से अजीमुसान, कल्याणपुर से नेहा तिवारी और तिंदवारी से अधिशक्ति दीक्षित को उम्मीदवार बनाया गया है। लिस्ट में खुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी की जगह नेहा तिवारी के नाम का ऐलान भी कर दिया गया है। नेहा तिवारी बहुचर्चित बिकरू कांड में मारे गए अमर दूबे की साली है और जेल में बंद खुशी दुबे की बहन।
नाम का ऐलान होने के बाद नेहा तिवारी ने आज (01 फरवरी) कानपुर जिले की कल्याणपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। नेहा तिवारी के राजनीति में उतरने और चुनाव लड़ने के पीछे बहन खुशी दुबे को न्याय नहीं मिलना बताया जा रहा है। हालांकि, नेहा तिवारी को कांग्रेस ने ऐन वक्त पर अपनी प्रत्याशी घोषित किया है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने नेहा दुबे की मां गायत्री तिवारी को कल्याणपुर सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया था।
यूपी कांग्रेस के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल से करीब 22 घंटे पहले गायत्री तिवारी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तस्वीरे ट्वीट गई थी। तस्वीर ट्वीट करने के साथ लिखा था, 'भाजपा सरकार कानपुर की बेटी खुशी दुबे को महीनों से जेल में डालकर प्रताड़ित कर रही है। कांग्रेस ने पीड़िता की मां गायत्री तिवारी को टिकट देकर उनका हाथ मजबूत करने का फैसला किया है। वर्ग, जाति, धर्म चाहे जो हो, जहां भी कोई पीड़ित है, कांग्रेस उसके साथ खड़ी है।' लेकिन ऐन मौके पर कांग्रेस को गायत्री तिवारी की जगह उनकी बेटी नेहा तिवारी के नाम पर मुहर लगानी पड़ी।












Click it and Unblock the Notifications